साहब पत्नी और बच्चे करते हैं प्रताड़ित: जहरीला पदार्थ निगलकर थाने पहुंचा किसान, हालत देख पुलिस के हाथपांव फूले
सचेंडी थाने में मंगलवार दोपहर पुलिसकर्मियों के हाथपांव फूल गए, जब एक किसान जहरीला पदार्थ निकलकर लड़खड़ाते पहुंचा। उसने कहा कि साहब,पत्नी और बच्चों की प्रताड़ना से तंग आ चुका हूं। पुलिसकर्मियों ने किसान को अस्पताल भेजकर जान बचाई।
विस्तार
कानपुर में सचेंडी थाने में मंगलवार दोपहर एक बुजुर्ग किसान पत्नी व बच्चों की प्रताड़ना से तंग आकर जहरीला पदार्थ निगल कर लड़खड़ाते हुए पहुंच गया। उसने कहा कि साहब ... पत्नी और बच्चे रोज-रोज परेशान करते हैं। इससे तंग आकर मैने डाई पी ली है, मेरी जान बचा लीजिए। हरकत में आई पुलिस ने आनन फानन में निजी अस्पताल ले गई, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सचेंडी के धरमंगदपुर गांव निवासी किसान विष्णु शंकर (60) के परिवार में पत्नी सावित्री व तीन बेटे हैं। इनमें दो दिव्यांग है। मंगलवार दोहपर विष्णु शंकर सचेंडी थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पत्नी और बच्चों प्रताड़ित होकर डाई पी लेने की बात कही। इस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें आनन फानन में निजी अस्पताल ले जहां। जहां डॉक्टरों ने समय रहते हालत पर काबू पा लिया।
इधर पुलिस की सूचना मौके पर पहुंचे परिजनों को पुलिस ने जमकर फटकार लगाई। सचेंडी थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद वृद्ध ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया था। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि विष्णु शंकर पहले भी डराने के लिए आत्महत्या का प्रयास कर चुका है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
खेत बेचने की वजह से होता है विवाद
पुलिस के मुताबिक विष्णु शंकर के पास 35 बीघा खेती थी, जिसमें वह 20 बीघा पहले ही बचे चुका है। शेष 15 बीघा खेत बेचने की फिराक में है, जिसकी वजह से घर में आए दिन पत्नी व बेटे से विवाद होता है। मंगलवार को विष्णु शंकर पांच बीघा खेत बेचने की बात कर रहा था, जिस पर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर विष्णु शंकर ने घर से बाहर आकर डाई पी ली।