Etawah: डीएम कार्यालय में किसान ने किया आत्मदाह का प्रयास, जमीन पर कब्जा होने से है आहत, जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में दबंगों ने एक किसान की जमीन पर कब्जा कर लिया। इससे आहत होकर पीड़ित ने डीएम आवास पर आत्मदाह की कोशिश की।एसडीएम ने टीम बनाकर जांच का आश्वासन दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले में अपनी जमीन पर कब्जे से परेशान किसान ने डीएम आवास के बाहर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। कार्यालय के बाहर तैनात होमगार्डों ने किसान को पकड़ लिया। एसडीएम ने टीम बनाकर जांच का आश्वासन दिया है।
मानिकपुर बिसू गांव के शिवप्रताप ने बताया कि वह पांच भाई हैं। उनके पास गांव में ही 20 बीघा जमीन है। इस पर तीन साल से गांव के ही कुछ लोग कब्जा किए हैं। कब्जा हटवाने की मशक्कत में पिता की मौत हो गई। अब वह जमीन कब्जामुक्त कराने के लिए परेशान हैं।
उसने बताया कि एक माह पहले प्रशासन ने गांव में जाकर जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया था। नापजोख कराकर प्रशासन की ओर से ही खूंटी लगवा दी गई थी। कुछ समय बाद ही आरोपियों ने फिर कब्जा कर लिया। एक माह से दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
इससे परेशान होकर शुक्रवार को शिवप्रताप कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम कार्यालय के सामने खुद पर केरोसिन छिड़क लिया। जैसे ही वो आग लगाने वाले थे, तो होमगार्डों और कर्मचारियों ने उसे रोका। इसके बाद मामला एसडीएम तक पहुंचा, जिस पर उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बहन की शादी करानी है
पीड़ित शिवप्रताप ने बताया कि पांच भाइयों के बीच एक बहन है। सभी भाई जमीन मुक्त कराकर उसका कुछ हिस्सा बेचाना चाहते हैं। ताकि इससे आने वाली धनराशि से वह बहन की शादी कर सकें।
मानिकपुर बिशु के किसान ने आत्मदाह का प्रयास किया है। एक माह पहले ही टीम भेजकर जगह कब्जामुक्त कराई गई थी। यदि फिर भी कब्जा हो गया था, तो उच्चाधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए थी। जांच कमेटी बनाई है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -विक्रम राघव, एसडीएम सदर