Hamirpur: हैलो! मैं डीएम कार्यालय से बोल रहा हूं...मकान खाली कर देना, फिर जान माल की धमकी, पढ़ें पूरा मामला
Hamirpur Crime: प्रशासनिक अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित धमकी का मामला दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर बातचीत का ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
विस्तार
मैं डीएम कार्यालय से बोल रहा हूं, घर में बता देना कि मकान जल्द खाली कर दें। नहीं, तो पुलिस के बल पर मकान खाली कराया जाएगा। यह बात किसान कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष ने पीड़िता को धमकाते हुए फोन पर कही है। पीड़िता की शिकायत का संज्ञान लेते हुए डीएम ने आरोपी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित धमकी का मामला दर्ज किया है। सोशल मीडिया पर बातचीत का ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़िता राठ कस्बा के पठानपुरा निवासी साधना उर्फ मोहनी देवी पत्नी मंगल सिंह ने डीएम को शिकायत की है।
उन्होंने बताया कि पिछले 25 अप्रैल को दोपहर करीब सवा एक बजे उसके मोबाइल पर फोन आया था। जिसमें आरोपी विकास उर्फ बाल जी पांडे अपने आप को डीएम कार्यालय से बोलने की बात कह रहा था। बात न मानने पर पूरे परिवार को जान माल की धमकी देते हुए मकान खाली करने का दबाव बना रहा है।
उच्च न्यायालय में विचाराधीन है मामला
उनका मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। बताया कि पिछले सोमवार को वह घर के बाहर अपने सारे सामान के साथ बाहर बैठे थे। तभी कार में अपने साथियों के साथ आरोपी विकास उर्फ बाल जी पांडे आया और उसे पकड़ने की कोशिश करने लगा। परिवार ने विरोध किया, तो गाड़ी उसकी मां पर चढ़ाने का प्रयास किया।
धोखाधड़ी सहित जान माल की धमकी का मामला दर्ज
रात का समय होने के कारण कोई घरों से नहीं निकला। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। वहीं शहर कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि आरोपी कांग्रेस नेता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित जान माल की धमकी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- जांच कर होगी कार्रवाई
मामले में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हिमांशु सैनी ने कहा कि विकास उर्फ बाल जी पांडे जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष हैं। आरोपों की जांच की जाएगी। अगर वह गलत नहीं हैं, तो उसका विरोध करेंगे। अगर मामला सही पाया जाता है, तो कार्रवाई करेंगे। बाल जी से संपर्क किया जा रहा है।