Etawah: पति से विवाद में महिला सिपाही ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत; मासूम के सिर से उठा मां का साया
Etawah News: सैफई थाने में तैनात 2019 बैच की महिला सिपाही प्रियंका (30) की जहर खाने से मौत हो गई। वह मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थी और पति रजत व डेढ़ साल की बच्ची के साथ पुलिस लाइन में रहती थी।
विस्तार
सैफई थाने में तैनात 2019 बैच की महिला सिपाही प्रियंका (30) ने पति से हुए मामूली विवाद के बाद जहर खाकर अपनी जान दे दी। अचेत अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल से सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थीं और इटावा पुलिस लाइन में अपने पति रजत व डेढ़ साल की मासूम बेटी के साथ रहती थीं।
संडे बाजार से लौटने में हुई देर, पति से हुई कहासुनी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका रविवार को खरीदारी करने संडे बाजार गई थीं। वहां से घर लौटने में थोड़ी देर हो गई, जिस बात को लेकर घर पहुंचते ही पति रजत से उनका विवाद हो गया। कहासुनी के बाद पति घर से बाहर चला गया। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो प्रियंका कमरे में अचेत पड़ी थीं।
सल्फास खाने से बिगड़ी हालत, एसएसपी पहुंचे मौके पर
पति ने पड़ोसियों की मदद से प्रियंका को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में पति से विवाद के बाद सल्फास खाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।