Etawah: बार एसोसिएशन चुनाव के लिए मतदान जारी, 45 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने डाले वोट, कई थानों का बल तैनात
Etawah News: इटावा जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए दो गुटों के बीच विवाद और एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष पद पर रार के बावजूद, शुक्रवार सुबह भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरू हुआ और दोपहर तक करीब 45% वोटिंग हो चुकी थी।
विस्तार
इटावा में जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह शांति व्यवस्था के बीच मतदान शुरू कर दिया गया। दोपहर 12 बजे तक लगभग 45 प्रतिशत मतदान हो चुका है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है। बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के दो पक्षों में रार चल रही थी।
बार काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष की ओर से एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष शांति स्वरूप पाठक को 27 अक्तूबर को पदमुक्त कर दिया गया था। इसके जिला बाद प्रेम शंकर शर्मा को नए एल्डर्स कमेटी का अध्यक्ष बनाया था। उधर, शांति स्वरूप पाठक ने प्रदेश सचिव के एक पत्र का हवाला देकर खुद को अभी भी एल्डर्स कमेटी का अध्यक्ष बताते हुए सात नवंबर को ही चुनाव कराने की बात कही थी।
कई थानों का फोर्स तैनात
वहीं, नए अध्यक्ष ने 12 नवंबर को चुनाव कराने की बात कही थी। शुक्रवार को पूर्व में घोषित कार्यक्रम के तहत कलक्ट्रेट परिसर में बने डीबीए हॉल में मतदान प्रक्रिया शुरू करा दी गई। इसमें सुबह से अधिवक्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर 12 बजे तक लगभग 45 प्रतिशत वोट पड़ गए थे। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए मतदान स्थल पर मजिस्ट्रेट, डिप्टी एसपी समेत कई थानों का फोर्स तैनात रहा। देर शाम तक वोटों की गिनती के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।