इटावा: मुठभेड़ में छिनैती का आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल, अस्पताल में भर्ती, ये सामान बरामद
Etawah News: भरथना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान छिनैती के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, अपाचे बाइक और छिनैती के 700 रुपये बरामद हुए हैं।
विस्तार
इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान छिनैती की घटना में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, अपाचे मोटरसाइकिल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के रम्पुरा निवासी अनुज शाक्य (32) पुत्र स्वर्गीय राजकुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 16 और 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि थाना भरथना पुलिस गंगौरा की ओर जाने वाले रास्ते के आगे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इटावा की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
महिला का हैंडबैग छीनकर हुए थे फरार
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने छह अक्टूबर को भरथना थाना क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, बाहरपुरा नहर के आगे भरथना की तरफ बाहरपुरा की ओर से आ रही मोटरसाइकिल सवार महिला का हैंडबैग छीनकर तीन आरोपी फरार हो गए थे। बैग में दो हजार रुपये थे, जिन्हें तीनों ने आपस में बांट लिया था। आरोपी अनुज के हिस्से में 700 रुपये आए थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के पास से बरामद 700 रुपये इसी घटना के हैं।
पांच जिलों में दर्ज हैं 33 मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ इटावा, फतेहगढ़, मैनपुरी, कन्नौज तथा औरैया जिलों के विभिन्न थानों में कुल 33 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध शस्त्र रखने और इस्तेमाल करने, अपहरण, फिरौती, मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल तथा गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस टीम में थाना भरथना के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह और उनकी टीम शामिल रही।