UP: भंडारे के बाद सियासी सवाल, बड़े मंगल पर डिंपल यादव ने बांटा प्रसाद, लखनऊ हादसे-चंदा चोरी पर सरकार को घेरा
Etawah News: सैफई के हनुमान मंदिर में भंडारा आयोजित कर प्रसाद बांटने के बाद डिंपल यादव ने लखनऊ अग्निकांड की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने राम मंदिर चंदा घोटाले और राजनीतिक दलबदल पर भी भाजपा को घेरा।
विस्तार
इटावा जिले में सैफई स्थित हनुमान मंदिर पर मंगलवार को भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें मैनपुरी सांसद डिंपल यादव व उनकी छोटी बेटी टीना ने भंडारा बांटा। डिंपल यादव ने भंडारे के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए लखनऊ अग्निकांड के दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। डिंपल यादव ने कहा कि लखनऊ कोचिंग में हुआ हादसा बहुत ही दर्दनाक और दुखद है।
इसमें छात्रों ने अपनी जान गंवाई है। उनके परिवार वालों के साथ हमारी संवेदना है। जो बच्चे घायल हैं, सरकार उनका सही से इलाज कराए और मृतकों के परिवार वालों को मुआवजा दे। कहा कि घटना की वजह पता करके जिम्मेदारों पर कार्रवाई कराई जाए। मैनपुरी सांसद ने कहा कि जिस तरह से राम मंदिर में चंदा चोरी हुई है। पहले तो चोरी की बात सामने नहीं आ रही थी।
राजभर कुछ भी कह सकते हैं
जब यह मामला उजागर हुआ तो पता चला कि 100 करोड़ का घोटाला होने की जानकारी मिली है। पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर पर कहा कि इधर-उधर की बातें करते हैं। इस पर भी उन्हें मुद्दा उठाना चाहिए और सरकार से सवाल करना चाहिए। सपा में टूट होने के राजभर के बयान पर उन्होंने कहा कि राजभर कुछ भी कह सकते हैं। ये उनकी अपनी सोच और अपने विचार हैं।
बाबा साहब के संविधान का मजाक उड़ाया
आगे कहा कि भाजपा की दूसरे दलों को तोड़कर अपने में मिलने की मनोकामना यह दर्शाती है कि किस तरह बाबा साहब के संविधान का मजाक उड़ाया जा रहा है। सांसदों को जनता ने चुना है। यह भारतीय जनता पार्टी की वजह से जीतकर नहीं गए। इस दौरान डिंपल के साथ विधायक तेजप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव मौजूद रहे।