इटावा एमएसी चुनाव: अखिलेश यादव का तीखा हमला, बोले- भाजपा को वोट चोरी सिखाने के लिए खोलनी चाहिए यूनिवर्सिटी
Etawah News: सैफई में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के दौरान अपना मताधिकार का प्रयोग करने के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा, फतेहपुर, गोरखपुर और जौनपुर समेत कई जिलों में सपा समर्थित मतदाताओं को प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रोका व परेशान किया जा रहा है।
विस्तार
इटावा जिले में स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनावों के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। सैफई में अपना वोट डालने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई जिलों में सपा के पक्ष में मतदान करने वाले मतदाताओं को जानबूझकर रोका और परेशान किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि शिक्षक और ग्रेजुएट्स एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी है और सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए, क्योंकि उनका एक-एक वोट देश के लोकतंत्र और संविधान को सुरक्षित रख सकता है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आगरा, फतेहपुर, गोरखपुर और जौनपुर जैसे जिलों से लगातार ऐसी खबरें सामने आ रही हैं, जहां समाजवादी पार्टी को वोट देने वाले मतदाताओं को भ्रष्ट अधिकारियों और सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है।
वोट चोरी पर दिया बयान
चुनाव प्रक्रिया और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि यदि भाजपा सरकार इस तरह के कृत्यों में माहिर है, तो उसे 'वोट चोरी' सिखाने के लिए एक विधिवत यूनिवर्सिटी खोलनी चाहिए, जहां कार्यकर्ताओं को इसका तीन साल का विशेष कोर्स करवाया जा सके। उनके इस बयान के बाद राज्य की सियासी हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।
राजकुमार भाटी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी का स्टैंड क्या होगा, यह कल तक पता चल जाएगा। वहीं, रावण के पोस्टर वार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि रावण कौन था, किस भेष में आया था और उसने कौन से वस्त्र पहने थे, यह सभी जानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले दस साल से भेष बदलकर जनता को लूट रही है।
सपा अध्यक्ष ने आजम खान से मुलाकात के सवाल पर कहा कि अगर भाजपा के लोग और झूठे मुकदमे न लगवाएं तो आजम खान जेल से बाहर होंगे। ओमप्रकाश राजभर की ओर से एक्स पर आजम खान को लेकर किए गए पोस्ट के संबंध में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोगों को ट्विटर नहीं देखना चाहिए, एक्स नहीं पढ़ना चाहिए और हर किताब भी नहीं पढ़नी चाहिए।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जिन बातों को खुद नहीं कह सकती, उन्हें दूसरे दलों के लोगों से कहलवाती है और सवाल करवाती है। अखिलेश यादव ने कहा, आजम खान साहब आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे। कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद अखिलेश यादव सैफई में अपने पिता और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निर्माणाधीन स्मारक को देखने भी पहुंचे।