Etawah: डीएफसी रेलवे लाइन के पास मुठभेड़, मैनपुरी और कानपुर का वांटेड अपराधी गिरफ्तार, ये सामान बरामद
Etawah News: इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने डीएफसी रेलवे लाइन के पास मुठभेड़ के बाद 15 मामलों के शातिर अपराधी रोहित उर्फ लुक्का को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया है।
विस्तार
इटावा जिले मे पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद शातिर अपराधी रोहित उर्फ लुक्का को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस को इटगांव में फायरिंग करते हुए एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति के इटावा की ओर आने की सूचना मिली थी। फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस टीम ने डीएफसी रेलवे लाइन के पास वाहन चेकिंग शुरू की।
संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह कच्चे रास्ते पर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। खुद को घिरा देख अपराधी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। गोली लगने से रोहित उर्फ लुक्का घायल हो गया।
ये सामान हुआ बरामद
उसे तत्काल जिला अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया गया। गिरफ्तार अपराधी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर बरामद हुआ। इसके साथ ही एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी मिली। पुलिस ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवीएक्ट के अंतर्गत सीज किया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
अपराधी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार रोहित उर्फ लुक्का एक आदतन और शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों सहित कुल 15 अभियोग पंजीकृत हैं। ये मामले इटावा, मैनपुरी और कानपुर कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।