Fatehpur: गोकशों की पुलिस से मुठभेड़, एक गोली लगने से घायल…दूसरा साथी फरार, तलाश में जुटी हैं टीमें
Fatehpur News: हथगांव थाना क्षेत्र में गोकशी करने जा रहे गोकशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
विस्तार
फतेहपुर जिले में गोकशी करने जा रहे गोकशों से इंटेलिजेंस टीम और हथगांव पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा साथी फरार हो गया है। पुलिस ने घायल को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
हथगांव थाना क्षेत्र के चंपतपुर स्थित एक बाग में गुरुवार की रात गोकशी की सूचना पुलिस को मिली। इंटेलिजेंस विंग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी और थानाध्यक्ष अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर करनी शुरू कर दी।
आरोपी के पास से ये सामान हुआ बरामद
इसके जवाब में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें शब्बीर कुरैशी निवासी चिल्ला, बांदा घायल हो गया। पुलिस ने शब्बीर कुरैशी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, एक तराजू, एक किलो का बाट, तीन चाकू, एक लकड़ी का ठीहा, एक कुल्हाड़ी, चार बोरी और दो पैकेट काली प्लास्टिक की पन्नी, एक राशि गोवंश (बछड़ा), एक रस्सी का टुकड़ा और एक मोटर साइकिल बरामद की है।
शब्बीर कुरैशी पर पहले भी दर्ज हैं कई मामले
अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र ने बताया कि शब्बीर कुरैशी पर पहले भी कई अपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गोकशी से संबंधित अपराध भी शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार साथ की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं।