Up: खेत में खून की होली; भाई बना भाई का कातिल, तो पिता ने छोटे बेटे के साथ मिलकर ले लिया बड़े का बदला
Jalaun News: रामपुरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुरा जागीर गांव में फसल बंटवारे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो भाइयों की जान चली गई। सोमवार शाम खेत में हुए इस घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
विस्तार
खूनी हुआ फसल का विवाद
रामपुरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुरा जागीर गांव में फसल बंटवारे को लेकर चल रहा पुराना विवाद सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। जय नारायण चतुर्वेदी (70) के बेटों के बीच दो दिनों से गेहूं की फसल के बंटवारे को लेकर तनाव चल रहा था। सोमवार शाम जब सभी भाई गेहूं की कतराई के लिए खेत पर जमा हुए, तो विवाद फिर से गहरा गया। मझले भाई जितेंद्र उर्फ अल्लू ने बड़े भाई कैलाश के फैसले का विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल गरमा गया।
भाई ने भाई के सीने में उतारी गोली
विवाद इतना बढ़ा कि जितेंद्र उर्फ अल्लू ने गुस्से में आकर अपना आपा खो दिया। उसने पास रखा तमंचा निकाला और अपने ही बड़े भाई कैलाश (43) पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही कैलाश लहूलुहान होकर खेत में गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सगे भाई द्वारा सगे भाई की हत्या देख वहां मौजूद पिता जय नारायण और सबसे छोटा भाई गुड्डू सुध-बुध खो बैठे और चीख-पुकार मच गई।
पिता और भाई का खौफनाक बदला
बड़े बेटे की लाश देख पिता जय नारायण और छोटे भाई गुड्डू का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने मौके पर ही मझले भाई जितेंद्र को घेर लिया। दोनों ने पास पड़े लाठी-डंडों से जितेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उन्होंने जितेंद्र को तब तक पीटा जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई। जिस खेत में फसल की कटाई होनी थी, वहां कुछ ही मिनटों में सगे भाइयों की लाशें बिछ गईं।
दहशत में गांव, ग्रामीणों को ललकारा
खेत में मचे कोहराम को सुनकर जब आसपास के ग्रामीण और खेत में काम कर रहे अन्य लोग बीच-बचाव के लिए दौड़े, तो आरोपियों ने उन्हें भी ललकार दिया। पिता और छोटे भाई के हाथ में खून सवार देख कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोग दहशत के कारण अपने घरों की ओर भागने लगे।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही सीओ अंबुज यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फसल बंटवारे और आपसी रंजिश का लग रहा है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और दो के हत्या में शामिल होने से घर में कोहराम मचा है। पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।