Mahoba: दबंग पिता-पुत्र ने की फायरिंग 11 घायल और दो की हालत गंभीर, छेड़छाड़ के विरोध पर घटना को दिया अंजाम
Mahoba News: एसपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि दो परिवारों में पुराना विवाद चल रहा था। जिसके बाद युवक बाहर चला गया था। आज वह दोबारा वहां पहुंचा। लाइसेंसी बंदूक से युवक के पिता की ओर से दो राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है।
विस्तार
महोबा जिले में थाना पनवाड़ी के एक गांव में छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने से बौखलाए युवक और उसके पिता ने रविवार की शाम को बीच बाजार में छात्रा के परिजनों पर फायरिंग कर दी। कई राउंड फायरिंग से एक ही परिवार के चार लोगों समेत 11 लोग घायल हो गए। एसपी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की हैं।
गांव निवासी एक युवती राजकीय डिग्री कॉलेज पनवाड़ी में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है। उसका घर मुख्य बाजार में है। उसने बताया कि रविवार की दोपहर युवक घर के दरवाजे पहुंचा और तेज आवाज में मोबाइल बजाते हुए बाइक से स्टंटबाजी करने लगा। उसके दादा ने जब इसका विरोध किया तो युवक तमंचा लेकर पहुंच गया और फायरिंग की।
जानकारी पर उसके पिता भी अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक लेकर पहुंचा और फायरिंग शुरू कर दी। छर्रे लगने से परिवार के चार लोग समेत 11 लोग घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज चल रहा है।
पिता की ओर से दो राउंड फायरिंग
एसपी अपर्णा गुप्ता ने बताया कि दो परिवारों में पुराना विवाद चल रहा था। जिसके बाद युवक बाहर चला गया था। आज वह दोबारा वहां पहुंचा। लाइसेंसी बंदूक से युवक के पिता की ओर से दो राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है। मौके पर जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।