Etawah: बकेवर में हैवानियत! शौच गई दिव्यांग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास, ग्रामीणों ने एक को दबोचा
Etawah News: बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार देर शाम शौच के लिए खेतों की ओर गई एक दिव्यांग किशोरी के साथ अभद्रता और जबरदस्ती का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार देर शाम शौच के लिए गई एक दिव्यांग किशोरी को चार दबंग युवकों ने घेरकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के चीखने-चिल्लाने और पास में ही खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए घेराबंदी की और एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि तीन आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
रीढ़ की हड्डी से लाचार है किशोरी, गला दबाकर की हैवानियत
पीड़ित किशोरी के जीजा ने रोते हुए पुलिस को बताया कि 16 वर्षीय किशोरी शारीरिक रूप से दिव्यांग है। रीढ़ की हड्डी में गंभीर समस्या होने के कारण उसे चलने-फिरने में भी काफी असमर्थता और परेशानी होती है।
बृहस्पतिवार देर शाम वह गांव की कुछ अन्य छोटी बच्चियों के साथ खेतों की तरफ शौच के लिए गई थी। आरोप है कि तभी वहां घात लगाए बैठे चार नशेड़ी युवकों ने उसे लाचार पाकर दबोच लिया। अचानक हुए इस हमले से डरी-सहमी साथ गईं अन्य बच्चियां शोर मचाते हुए गांव की तरफ भाग खड़ी हुईं। इसके बाद दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपियों ने किशोरी का गला दबाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरदस्ती करते हुए सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया।
क्रिकेट खेल रहे बच्चों और ग्रामीणों की मुस्तैदी से बची जान
किशोरी जब अपनी जान बचाने के लिए तड़पने लगी और चीखने-चिल्लाने की आवाज आई, तो पास ही के मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने सूझबूझ दिखाई। बच्चों के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे और गांव के लोग लाठी-डंडे लेकर घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को आता देख आरोपियों के हौसले पस्त हो गए और वे भागने लगे। हालांकि, ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर एक आरोपी को रंगे हाथों मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके तीन अन्य साथी खेतों के रास्ते फरार हो गए।
आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
एक दिव्यांग किशोरी के साथ हुई इस खौफनाक वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लहूलुहान व बेसुध हालत में पीड़िता को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महेवा ले जाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी जब किशोरी की हालत में सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल इटावा के लिए रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उसकी निगरानी कर रही है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चंद, क्षेत्राधिकारी राम दवन मौर्य और बकेवर थाना प्रभारी विपिन कुमार भारी पुलिस टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ कर फरार आरोपियों के नाम-पते नोट किए।
थाना प्रभारी बकेवर विपिन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच और परिजनों की तहरीर के आधार पर किशोरी के साथ छेड़खानी, बदसलूकी और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।