कानपुर। सोनभद्र जेल में बंद दीनू उपाध्याय गैंग का सदस्य अधिवक्ता नारायण भदौरिया अब हिस्ट्रीशीटर हो गया है। किदवईनगर पुलिस ने सोमवार को उसकी हिस्ट्रीशीट 320-ब खोल दी। किदवईनगर के साइट-नंबर दो निवासी नारायण भदाैरिया इन दिनों फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए घर समेत अन्य संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दे चुकी है। शनिवार को ही नौबस्ता पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उस पर नौबस्ता में सरकारी जमीन कब्जाने के साथ ही भाजपा नेता की पारिवारिक जमीन पर कब्जा करने का भी मामला दर्ज है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि भाजपा नेता अनूप तिवारी ने बूढ़पुर मछरिया में करोड़ों रुपये की पारिवारिक जमीन पर कब्जा करने और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अलावा भी नारायण पर कोहना, गोविंदनगर, बिधनू, नौबस्ता, बर्रा, घाटमपुर, जाजमऊ और किदवईनगर थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, हत्या का प्रयास, वसूली, अतिक्रमण करना, कूटरचना, आपराधिक षड़यंत्र, एससी-एसटी और लोकसेवक आदेश की अवज्ञा आदि के कुल 11 मामले शामिल हैं। इन्हीं मामलों को देखते हुए उसके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोली गई है। वहीं, दीनू गैंग के दूसरे सदस्य वाई-ब्लाॅक किदवईनगर निवासी दीपक जादौन की भी हिस्ट्रीशीट पुलिस तैयार कर रही है। उस पर भी नौबस्ता, हनुमंत विहार और बर्रा समेत कई थानों में छह से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। जल्द ही उसकी भी हिस्ट्रीशीट खोल दी जाएगी। वह भी जमीन कब्जाने के मामलों में आरोपी है।