Chitrakoot: मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा, मंदाकिनी में डुबकी लगाई...कामदगिरि की परिक्रमा भी की
Chitrakoot News: माघ माह की मौनी अमवास्या पर्व पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचे है। यहां मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाकर मत्यगजेंद्र नाथ स्वामी का जलाभिषेक किया। संतों का कहना है कि मौन धारण कर स्नान हरी राम गुरू राम मंत्र का जाप करता है, तो उसके पाप नष्ट हो जाते हैं।
विस्तार
चित्रकूट जिले में माघी माह की मौनी अमवास्या पर्व पर लाखों श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में डुबकी लगाई। साथ ही, मत्यगजेंद्र नाथ स्वामी का जलाभिषेक कर कामदगिरि की परिक्रमा लगा रहे हैं। सुबह से ही रामघाट की ओर आने-जाने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद है और वन वे ट्रैफिक किया गया है।
बत दें कि मौनी अमवास्या पर्व के एक दिन पहले ही श्रद्धालु पैदल सहित अपने-अपने साधनों से पहुंचने लगे थे। रामघाट सहित धर्मनगरी के विभिन्न तीर्थ स्थानों में श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखा जा रहा है। गुरुवार को ही लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में डुबकी लगाई। शुक्रवार को मुख्य पर्व पर लगभग दो लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
माघ माह की मौनी अमवास्या पर्व शुक्रवार को है। इसके एक दिन पहले ही कई श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंचे। वही मेला की व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेटो की तैनाती के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल के जवानों को तैनात किए गए हैं। डीएम अभिषेक आनंद व एसपी अरूण कुमार सिंह ने मेला क्षेत्र का भ्रमण किया।
सड़क पर जाम न लगाने के लिए कहा
वहीं, धर्मनगरी के एमपी क्षेत्र में सतना डीएम अनुराग वर्मा व एसपी आशुतोष गुप्ता ने परिक्रमा मार्ग सहित अन्य तीर्थ स्थानों का निरीक्षण किया। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यातायात प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि टेंपो व ई रिक्शा चालकों को श्रद्धालुओं से सही किराया लेने व बीच सड़क पर जाम न लगाने के लिए कहा गया है।
मौन रहकर प्रभु का स्मरण करना चाहिए
माघी मौनी अमावस्या पर्व के महत्व के बारे में संत नवलेश दीक्षित व महंत दिव्यजीवनदास ने बताया कि शांत रहकर प्रभु का स्मरण किया जाता है। जो मौन धारण कर स्नान हरी राम गुरू राम मंत्र का जाप करता है, तो उसके पाप नष्ट हो जाते हैं।
मेला स्पेशल ट्रेन व बसों का संचालन
माघी अमावस्या के लिए रेलवे विभाग ने मेला स्पेशल ट्रेन चलाया है। ट्रेन का संचालन गुरुवार से शुरु हो गया है। यह टे्रन झांसी से चित्रकूट के लिए चलाई गई। उत्तर मध्य रेलवे झांसी -बांदा के जन संपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि इसके अलावा झांसी- बांदा मेमू का स्टैंड बार्ड में रखा जाएगा। मेला स्टेशन ट्रेन झांसी से 20 बजकर दस मिनट पर प्रस्थान करेंगी। चित्रकूट तीन बजकर पांच मिनट पर पहुंचेगी। इसी प्रकार परिवहन विभाग ने मेला के लिए 12 अतिरिक्त बसों का संचालन कराया है। प्रयागराज की ओर से बांदा जाने वाली सभी बसों का चित्रकूट बस स्टैंड पर स्टापेज किया गया है।