Unnao: डिप्टी सीएम के शिलापट्ट की होती है पूजा, श्रद्धालु चढ़ाते हैं फूल-प्रसाद, पुजारी बोले- क्या लिखा है...
Kushari Devi Temple: कुशहरी देवी मंदिर के वायरल वीडियो की हर कोई चर्चा कर रहा है। दरअसल, इसमें श्रद्धालु मंदिर परिसर में लगे उपमुख्यमंत्री व पूर्व ब्लाक प्रमुख के नाम के पत्थरों को पूजते नजर आ रहे हैं।
विस्तार
उन्नाव जिले के नवाबगंज ब्लॉक के कुसुंभी स्थित कुशहरी देवी मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दर्शनार्थी मंदिर परिसर में लगे जिले के पूर्व सांसद व मौजूदा उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और पूर्व ब्लाक प्रमुख अरुण सिंह के लोकार्पण शिलापट की पूजा कर रहे हैं।
साथ ही, शिलापट्ट पर फूल चढ़ते नजर आ रहे हैं। लोग सोशल मीडिया पर अपने कमेंट भी दे रहे हैं। मान्यता है कि कुशहरी देवी मंदिर की स्थापना भगावान राम के पुत्र कुश ने की थी। इसी लिए कुशहरी देवी के नाम से प्रख्यात हैं। इस मंदिर में रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने आते हैं।
बता दें कि नवरात्र में रोजाना हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने वर्ष 2008 में इस मंदिर में सुंदरीकरण कार्य कराया था। तब वह जिले के सांसद थे। सुंदरीकरण कार्य के लोकार्पण का एक शिलापट्ट मंदिर परिसर में लगा है।
श्रद्धालुओं की आस्था ऐसी है कि...
इसी के पास नवाबगंज ब्लॉक के पूर्व ब्लाक प्रमुख अरुण सिंह का भी शिलापट लगा है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने वित्तीय वर्ष 2018-19 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हाईमास्ट लाइट लगवाई थी। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था ऐसी कि यहां उन्हें जो भी प्रतिमा या शिला मिलती है।
महिलाएं शिलापट पर चढ़ा रही हैं फूल-प्रसाद
वह परिक्रमा लगाते हुए पुष्प अर्पित करते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें महिलाएं इन लोकार्पण शिलापट पर भी फूल चढ़ाते नजर आ रही हैं। लोगों ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालु माता कुशहरी देवी का बड़ा मंदिर है।
परिसर में इन देवी-देवताओं के हैं मंदिर
इसी परिसर में स्थित दो शिव मंदिर, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, काली मंदिर के अलावा कई और देवी-देवताओं की मूर्तियां हैं। इसी परिसर में एक हवन कुंड भी है। परिक्रमा करते हुए महिलाएं सभी मंदिरों और मूर्तियों पर पुष्प व प्रसाद चढ़ाती हैं।
पुजारी बोले- लोग सिर्फ भक्ति में लीन रहते हैं
इसी दौरान वह इन लोकार्पण शिलापटों पर भी पुष्प और प्रसाद चढ़ देतीं हैं। मंदिर के पुजारी राजू सिंह ने बताया कि लोग अनजाने में ऐसा करते हैं। बताया कि महिलाएं एक दूसरे की देखा-देखी ऐसा करती हैं। दरअसल, लोग शिलापट पर क्या लिखा है... यह पढ़ते नहीं है। वह तो सिर्फ माता के जयकारों और उनके भजन में लीन रहते हैं।