टेंट हाउस कर्मी की मौत: CCTV फुटेज में गत्ते से कुछ फेंकते दिखे युवक, नशेबाजी मानकर पुलिस ने झाड़ा था पल्ला
Kanpur News: बर्रा थाना क्षेत्र में एक नाले में टेंट हाउस कर्मी का शव बरामद हुआ था। घटना से जुड़ा एक सीसीटवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है। इसमें बाइक सवार युवक गत्ते में कुछ फेंकते दिख रहे हैं।
विस्तार
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में 21 दिसंबर को टेंट हाउस कर्मी के शव मिलने के मामले में पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिसमें कुछ लोग गेट में भरा हुआ समान नाले में फेंकते हुए नजर आए हैं। यह वही स्थान है, जहां पर टेंट हाउस कर्मी का शव बरामद हुआ था।
घटना के समय पुलिस का दावा था कि शराब के नशे में होने की वजह से टेंट हाउस कर्मी रेलिंग ना होने पर खुद को संभाल नहीं पाया और नाले में गिर गया, जिसमें डूबने की वजह से उसकी मौत हो गई। वहीं, अब इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस नए सिरे से मामले की जांच में जुट गई है।
बर्रा-चार स्थित खुले नाले में बीते 21 दिसंबर को बर्रा आठ वरुण विहार निवासी सुनील जायसवाल (60) का शव बरामद हुआ था। वह रतनलाल नगर स्थित एक टेंट हाउस में काम करते थे। परिवार में पत्नी पुष्पा और दो बेटे गौतम और वरुण हैं। बेटे गौतम ने बताया कि 21 दिसंबर को पिता शाम को घर नहीं लौटे] तो उनकी तलाश शुरू की गई।
खुले नाले में बुजुर्ग का शव मिला है
इस दौरान कुछ लोगों से जानकारी हुई कि बर्रा चार के खुले नाले में बुजुर्ग का शव मिला है। इस पर वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचे, तो नाले के पिता सुनील की चप्पल पड़ी मिली। बर्रा पुलिस ने नाले से शव निकलवाया, तो उनकी पहचान वरुण ने अपने पिता के रूप में की।
पुलिस ने नशेबाजी मानकर झाड़ लिया था पल्ला
वरुण का कहना था कि उन्होंने अनहोनी की आशंका जताते हुए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को चेक करने के लिए कहा था, लेकिन तब पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। घटना को नशेबाजी मानते हुए संतुलन बिगड़ने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया था।
15 दिन बाद पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरा
हालांकि अंतिम संस्कार करने के बाद जब फिर से परिवार ने पुलिस पर सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए दबाव बनाया, तो 15 दिन बाद पुलिस ने घटनास्थल के पास स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालना शुरू किया। तब जाकर एक फुटेज बरामद हुआ।
दो लोग गत्ते से कुछ फेंकते दिखे
सीसीटीवी फुटेज में एक मोटरसाइकिल से आए दो युवक एक गेट से कुछ सामान नाले में फेंकते हुए दिखे फुटेज धुंधला था। इसलिए यह साफ नहीं हो सका की, जो चीज गेट से फेंकी गई वह एक शख्स था या कोई और सामान था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की टाइमिंग और शव मिलने की टाइमिंग का मिलान कर रही है।
बाइक सवारों और सूचना देने वाले व्यक्ति से पूछताछ की जाएगी
माना जा रहा है कि अगर शब्द सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे घटनाक्रम के बाद मिलने की पुष्टि हुई, तो बाइक सवारों और पहले सूचना देने वाले व्यक्ति से पूछताछ की जाएगी। जैसा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग के डूबने की वजह से मौत की पुष्टि हुई है।
जांच के आधार पर होगी अग्रिम कार्रवाई
ऐसे में यदि गत्ते से शख्स फेंकने की पुष्टि होती है, तो यह तय है कि आरोपियों ने जिंदा बुजुर्ग को गत्ते में भरकर नाले में फेंक दिया था। एसीपी नौबस्ता आशुतोष कुमार ने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।