Death in Police Custody: पुलिस की पिटाई से व्यापारी की मौत, एक एसओ समेत 11 पुलिस कर्मी निलंबित
शिवली थाना क्षेत्र में बीते दिन हुई लूट की घटना में पुलिस ने देर रात लालपुर सरैया निवासी बालवंत सिंह (27) को उठाया था। परिजनों का आरोप है पुलिस पिटाई और कस्टडी में उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है की हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई है।
विस्तार
कानपुर देहात के मैथा में हुई लूट के मामले में उठाए गए व्यापारी की सोमवार देर रात रनियां चौकी में पुलिस की पिटाई से मौत हो गई। मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सड़क जाम करने की कोशिश की। शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
रनियां व शिवली थाना एसओ समेत पांच पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। अकबरपुर जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर पर भी हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले में एसपी ने 11 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। जांच एएसपी को सौंपी।
शिवली क्षेत्र के मैथा में छह दिसंबर की रात लालपुर सरैया के खाद व सराफा व्यापारी चंद्र भान सिंह से साढ़े चार लाख की लूट हुई थी। मामले में शिवली पुलिस व एसओजी ने सोमवार की शाम चंद्रभान सिंह के गांव निवासी उसके भतीजे बलवंत (27) को उठाया। बलवंत चूनी चोकर का व्यापारी था। सोमवार शाम वह रनियां की एक मिल से चोकर लेकर पिकअप से लौट रहा था, तभी पुलिस उसे ले गई।
जानकारी पर परिजन रनियां चौकी पहुंचे पर पुलिस ने उन्हें भगा दिया। देर रात बलवंत की मौत हो गई। मंगलवार सुबह मौत की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। रनियां थाने की पुलिस पर लाठी डंडों से पीटकर बलवंत की हत्या करने का आरोप लगाया। दो घंटे तक चले बवाल के बाद बलवंत के चाचा अंगद सिंह की तहरीर पर पांच पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए कानपुर भेजा जा सका।
पुलिस के अनुसार तबीयत बिगड़ने से मौत
पूछताछ के दौरान सीने में दर्द उठने से बलवंत की तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल जे जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मामले में पांच पुलिसकर्मी समेत सात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नौ पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है। एएसपी घनश्याम चौरसिया को मामले की जांच सौंपी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सुनीति एसपी कानपुर देहात
एक डॉक्टर सहित 7 पर रिपोर्ट
शिवली थाना एसओ राजेश कुमार सिंह, रनियां थाना एसओ शिव प्रकाश सिंह, मैथा चौकी प्रभारी ज्ञान प्रकाश पांडेय, एसओजी टीम प्रभारी प्रशांत गौतम, एसओजी सिपाही महेश गुप्ता, एक अज्ञात और जिला अस्पताल अकबरपुर के ड्यूटी डॉक्टर के खिलाफ एक राय होकर हत्या करने, गालीगलौच व धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
एसओ शिवली राजेश कुमार सिंह, एसओ रनियां शिव प्रकाश सिंह, एसओजी प्रभारी प्रशांत गौतम, एसओजी सिपाही जय कुमार व महेश गुप्ता, एसओजी हेड कांस्टेबल सोनू यादव, एसओजी हेड कांस्टेबल अनूप कुमार, एसओजी हेड कांस्टेबल दुर्गेश कुमार, मैथा चौकी प्रभारी ज्ञान प्रकाश पांडेय, शिवली थाने में तैनात दरोगा संपत सिंह व थाना शिवली में तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को निलंबित किया गया है।