साइकिल एसोसिएशन विवाद: संरक्षक विजय कपूर पर एफआईआर, होली मिलन समारोह में चुनावों को लेकर हुआ था टकराव
कानपुर के विजय नगर स्थित रघुशीला गेस्ट हाउस में साइकिल एसोसिएशन के होली मिलन समारोह के दौरान विवाद हुआ। समारोह में चुनाव को लेकर संस्था के संरक्षक विजय कपूर व एक व्यापारी के बीच हाथापाई हो गई।
विस्तार
कानपुर साइकिल एसोसिएशन के होली मिलन समारोह में रविवार को चुनावी चर्चा के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि एसोसिएशन के संरक्षक विजय कपूर और उनके सुरक्षाकर्मियों ने एक व्यापारी से मारपीट कर दी।
सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। विजय नगर स्थित रघुशीला गेस्ट हाउस में एसोसिएशन का होली मिलन समारोह चल रहा था। इस बीच चुनाव संबंधी चर्चा होने लगी तो व्यापारी भरत रस्तोगी ने चुनाव लड़ने की मंशा जताई।
भरत ने आरोप लगाया कि विजय कपूर जिसे चाहते हैं, वही चुनाव लड़ेगा। इसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। भरत मंच तक पहुंचे, तो विजय कपूर ने थप्पड़ जड़ दिए। यह देख उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी भरत को पीट दिया। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद है।
फजलगंज इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि भरत की तहरीर पर विजय कपूर के साथ उनके सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट, धमकी और गालीगलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
आरोप झूठे, घटना के पीछे साजिश
विजय कपूर ने कहा, न मैं भरत रस्तोगी को जानता हूं और न ही इस नाम का कोई शख्स हमारे एसोसिएशन का सदस्य है। बावजूद वह मंच पर आकर मेरे साथ बदतमीजी करते हुए गालीगलौज करने लगा। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे नीचे उतार दिया। उसके सभी आरोप झूठे हैं। जैसे ही उस आदमी को वहां से हटाया गया, उसी दौरान फजलगंज थाने में क्षेत्र के विधायक मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहुंच गए। इससे साफ है कि सबकुछ पूरी साजिश के साथ किया गया।