पुलिसवालों ने मचाई लूटपाट, घरवालों को पीटा, रिश्तेदारों को लाद ले गए
पनकी थाना क्षेत्र के पतरसा गांव में रहने वाले राजकुमार, उनकी पत्नी शिव देवी और उनके चार बच्चे रोहित, राहुल, रोहन व बेटी सुमन इन सभी का आरोप है कि मंगलवार को सुबह 7:30 बजे आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस वाले चेहरा ढक कर आये। पुलिसवालों ने इनके घर में धावा बोला बेवजह औरतों और बच्चों को पीटा। इसके बाद घर में रखे दो लाख रुपये व एक जंजीर और अंगूठी लूट ले गए। विरोध करने पर उनके घर में आए उनके रिश्तेदारों को अपने साथ उठा ले गए। मामा मयाराम, शालू और रंजीत ये सभी लोग भैया दूज त्योहार में रोचना करवाने के लिए बहन के घर आए हुए थे। लूटपाट की सूचना डायल 100 पर दी गई जिसके बाद पता चला कि ये बर्रा थाने की पुलिस थी और इन लोगों को एटीएम चोरी करने के मामले में पुछताछ को उठाया है। वहीं दूसरी ओर पनकी थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी से इनकार किया।