कानपुर: चलती ट्रेन से गिरा एक लाख का आईफोन, फोन बचाने के लिए चलती ट्रेन से कूदा युवक, हादसे में गंवाई जान
Kanpur News: दिल्ली से ट्रेन से अपने गांव लौट रहे प्राइवेट कर्मी का एक लाख रुपये की कीमत का आईफोन चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। मोबाइल बचाने के चक्कर में युवक ने बिना सोचे-समझे चलती ट्रेन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में दिल्ली से ट्रेन में सवार होकर गांव लौट रहे शैलेंद्र मौर्य (25) के परिवार की खुशियां एक हादसे ने छीन लीं। चलती ट्रेन के गेट के पास खड़े शैलेंद्र का एक लाख कीमत का आईफोन गिर गया। उसे उठाने के लिए उसने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी जान चली गई। जयपुरिया रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार सुबह करीब आठ बजे हुए हादसे की सूचना पर जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हालांकि, बाद में मृतक का आईफोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया। रायबरेली जिले के ऊंचाहार थाना क्षेत्र के कमोली किशनदासपुर गांव निवासी शैलेंद्र दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके पिता बेतलाल और मां पंजाब के लुधियाना की एक फैक्टरी में काम करते हैं। काफी समय से वहीं रह रहे थे। परिवार में शैलेंद्र बड़ा था, जबकि छोटा भाई शैलेश रायबरेली में निजी नौकरी करता है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
शैलेंद्र की शादी के लिए रिश्ते भी देखे जाने थे। शैलेंद्र मंगलवार को दिल्ली से ट्रेन में सवार होकर घर आ रहा था तभी हादसे में उसकी मौत हो गई। सुबह गेटमैन की सूचना पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल की टीम मौके पर पहुंची। जीआरपी के कार्यवाहक थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक का आईफोन ट्रेन से नीचे गिर गया था। उसे उठाने के लिए वह चलती ट्रेन से कूद गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। जिस स्थान पर मोबाइल गिरने की जानकारी मिली वहीं फोन सही सलामत मिला। परिजन को सूचना देने के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।