कन्नौज जिला अस्पताल: गर्भवती को एनेस्थीसिया देने के नाम पर मांगी 5000 रिश्वत, न देने पर लौटाया, डॉक्टर निलंबित
Kannauj News: जिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला को एनेस्थीसिया देने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगने और रुपये न देने पर बिना इंजेक्शन लगाए लौटाने के आरोप में डॉक्टर रविंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
विस्तार
कन्नौज जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार और संवेदनहीनता का गंभीर मामला सामने आया है। गर्भवती को एनेस्थीसिया (बेहोशी का इंजेक्शन) देने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगने और रकम न मिलने पर बिना इंजेक्शन लगाए वापस भेजने के आरोप में डॉक्टर रविंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
आरोप है कि प्रसव के लिए पहुंची गर्भवती साक्षी पटेल के पति से डॉक्टर ने एनेस्थीसिया देने के बदले पांच हजार रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर महिला को बिना इंजेक्शन लगाए ही वापस कर दिया गया। इसके बाद परिजन गर्भवती को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए।
आरोपी डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया
यहां ऑपरेशन के बाद महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। मामले से आहत महिला के पति ने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से शिकायत की थी। मंत्री ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री के संज्ञान में पहुंचाया। इसके बाद शासन स्तर से कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया।
भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में भ्रष्टाचार और मरीजों के साथ लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही या भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।