दो रसगुल्ले उठाने पर बारातियों-जनातियों में जंग छिड़ी, दुल्हन ने शादी तोड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अचलगंज थाना क्षेत्र के गांव खुटहा निवासी सत्यनारायण रैदास के बेटे शिव कुमार की शादी बेहटी गोपालपुर के मजरा कुरमापुर निवासी भीमशंकर रैदास की बेटी से तय हुई थी। शुक्रवार शाम बारात आई। भोजन के दौरान दूल्हे के मौसेरे भाई बदरका निवासी मनोज ने प्लेट में दो रसगुल्ले रख लिए। इस पर स्टाल पर खड़े युवक ने एक ही रसगुल्ला लेने की बात कही। इस पर दोनों में कहासुनी होने लगी। बीचबचाव करने पर दूल्हे के पिता सत्यनारायण से भी अभद्रता कर दी गई। इस पर सत्यनारायण का बड़ा बेटा राजू व अन्य लोगों ने स्टाल पर खड़े युवक को पीट दिया। बस फिर क्या था, देखते-देखते बाराती और जनाती एक-दूसरे पर टूट पड़े।
सूचना पर आए एसओ मोहम्मद अशरफ ने दोनों पक्षों को समझाना चाहा, पर बात नहीं बनी। इस बीच लड़की ने पिता, भाई व अन्य परिजनों के अपमान की बात कहकर शादी से इंकार कर दिया। बाद में लड़की के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। उधर, लड़के के पिता ने बताया कि वह सीआरपीएफ में सिपाही है। उसकी कार भी लड़की पक्ष के लोगों ने गांव में ही खड़ी करा ली है। फिलहाल किसी पक्ष ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है। एसओ ने बताया कि लड़की पक्ष से तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।