एमपी: इंदौर में कार से मिले 80 लाख रुपये नकद, जमीन बिक्री की रकम बताने वाले दो लोग पुलिस के रडार पर
इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वैगनआर कार से 80 लाख रुपये नकद बरामद किए। कार सवार दो व्यक्तियों ने रकम जमीन बिक्री से मिलने की बात कही, लेकिन दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस ने नकदी जब्त कर जांच शुरू की।
विस्तार
शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध कार से 80 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की है। यह रकम टीपीएस-05 मेन रोड पर फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित एक खाली मैदान में खड़ी वैगनआर कार से मिली। कार में सवार दो व्यक्ति इतनी बड़ी रकम के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरी नकदी जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार 11 नवंबर 2026 को कनाड़िया थाना पुलिस को क्षेत्र में एक संदिग्ध चार पहिया वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन क्रमांक MP 09 ZE 5088 की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में नकदी मिली। कार में तिलोक पिता भेरूलाल गामी (52), निवासी बरखेड़ा सोमा, थाना बागली, जिला देवास और मनोज पिता भेरूलाल गामी (44), निवासी बरखेड़ा सोमा, जिला देवास सवार थे। पुलिस ने जब नकदी की गिनती कराई तो कुल 80 लाख रुपये मिले। इसमें 500 रुपये के नोटों में 75 लाख, 100 रुपये के नोटों में 3 लाख और 200 रुपये के नोटों में 2 लाख रुपये शामिल थे।
पढे़ं: इंदौर बना मेंटर, देपालपुर ने भी मारी बाजी; उज्जैन-देवास-रीवा ने भी हासिल की उपलब्धि
इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों अलग-अलग जानकारी देते नजर आए। उन्होंने बताया कि वे यह रकम बिचौली निवासी सुरेश से लेकर आ रहे हैं। उनके मुताबिक, यह राशि देवास जिले के बरखेड़ा-बागली क्षेत्र में जमीन की बिक्री से प्राप्त हुई है।
हालांकि, जमीन के सौदे और नकदी के स्रोत से जुड़े कोई दस्तावेज वे मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। इस कारण पुलिस को पूरा मामला संदिग्ध लगा। पुलिस अब दोनों व्यक्तियों से जमीन की रजिस्ट्री, सौदे से संबंधित दस्तावेज और रकम के लेनदेन का प्रमाण मांग रही है।
फिलहाल पुलिस ने 80 लाख रुपये की नकदी नियमानुसार जब्त कर ली है। साथ ही आयकर विभाग को भी आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा। पुलिस जांच कर रही है कि बरामद रकम वास्तव में जमीन की बिक्री से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य लेनदेन है। दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
