रिश्तों से रिसता खून: बड़े भाई ने छोटे को दी दर्दनाक मौत, बुरी तरह कुचला चेहरा, नृशंस हत्या से पुलिस भी हैरान
यूपी के कानपुर में निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बड़े भाई ने छोटे भाई को लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी मौके से फरार हो गया।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर के घाघूखेड़ा में देर रात किसान जगदीश यादव के छोटे बेटे शिवबहादुर सिंह (30) की बड़े भाई धनंजय सिंह ने लाठी से पीट पीटकर हत्या कर दी। रविवार सुबह बरामदे में चारपाई पर शिवबहादुर का खून से लथपथ शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
आरोपी धनंजय सिंह हत्या करने के बाद बाइक से फरार हो गया। मृतक शिवबहादुर सिंह पेशे से वकील था। कानपुर कचहरी में वकालत करता था। साथ में पीसीएसजे की तैयारी भी कर रहा था। परिजनों के अनुसार शनिवार रात भोजन करने के बाद धनंजय सिंह अपने कमरे में जाकर लेट गया। छोटा भाई शिवबहादुर सिंह धनंजय के कमरे के बगल में बरामदे पर चारपाई पर सो रहा था। धनंजय की पत्नी साक्षी छत पर घर की महिलाओं के साथ सो रही थी।
रविवार सुबह जब साक्षी नीचे आई तो सीढ़ियों से उतरते ही सामने बरामदे पर देवर का शव खून से लथपथ पड़ा देख चीख पड़ी। आवाज सुन घरवाले व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शिवबहादुर की नृशंस हत्या की गई। चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। पुलिस को मौके से खून से सना टूटा डंडा मिला है। आरोपी बड़ा भाई घटना के बाद बाइक से फरार हो गया। एसपी आउटर तेज स्वरूप सिंह, सीओ सदर संग्राम सिंह व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और साक्ष्य जुटाए।