Coronavirus in Kanpur: कोरोना के 39 नए केस, सक्रिय मरीजों की संख्या 187 हुई
कानपुर में रविवार को 39 लोगों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद में एक्टिव केस की संख्या अब बढ़कर 187 हो गई है। डॉक्टरों ने इससे बचाव के लिए मास्क पहनने, सार्वजनिक स्थानों में जाने से परहेज करने, सामाजिक दूरी बनाने, सेनेटाइजेशन आदि पर जोर दिया है।
विस्तार
कानपुर में गर्मी में कोरोना संक्रमण का फैलाव बढ़ता जा रहा है। शहर के 10 इलाकों में शनिवार को 39 कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना के एक्टिव केस अब 187 हो गए हैं। होम आइसोलेशन में इलाज से 11 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं।
संक्रमित शिवाजीनगर, काकादेव, रावतपुर, चकेरी, कल्याणपुर, रामादेवी, नवाबगंज, कृष्णानगर, आनंदपुरी और घाटमपुर में मिले हैं।
इनमें एक छह साल की बच्ची और आठ किशोर हैं। घाटमपुर की 53 वर्षीय महिला रोगी के गुर्दे फेल हो गए हैं। उसकी सप्ताह में चार बार में डायलिसिस हो रही है। वह कमांड हॉस्पिटल लखनऊ में जांच कराकर लौटी है। रविवार को सीएचसी की टीम संपर्क करेगी। एक संक्रमित दिल्ली से आया है।
जांच कराने वाले नहीं उठा रहे फोन, ट्रेसिंग में परेशानी
कोरोना जांच के लिए सैंपल देने वाले फोन नहीं उठाते। उनका पता अधूरा या गलत लिखा होता है। इससे रैपिड रिस्पांस टीमें उनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग नहीं करा पा रही हैं। इस वजह से शनिवार को चार संक्रमितों की ट्रेसिंग नहीं हो पाई। वहीं संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों का कहना है कि टीमों के जाने से परेशान हो जाती है और पूरे क्षेत्र में लोग जान जाते हैं। इससे परेशानी होती है। शनिवार को 1868 लोगों की सैंपलिंग करके जांच की गई। इनमें सीएमओ की टीमों ने 1826 सैंपल की जांच की। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में 11 और उर्सला में 21 सैंपल की जांच की गई। इसके अलावा निजी लैब में जांचें हुई हैं। सीएमओ डॉ. आलोक रंजन का कहना है कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क लगाएं।