इटावा में कांग्रेस नेता के बेटे ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में जिक्र एक लड़की का
शहर के मोहल्ला कटरा फतेह महमूद खां निवासी हंसमुखी शंखवार वर्ष 2014 में इटावा संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ीं थीं। उनका सबसे छोटा बेटा अभिषेक (18) चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज, एवरा में बीसीए द्वितीय सेमेस्टर का छात्र था।
किताब में मिला सुसाइड नोट
मंगलवार शाम को हंसमुखी, उनके पति बलराम सिंह ने परिवार के साथ खाना खाया और सोने चले गए। अभिषेक दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह बलराम सिंह टंकी में पानी देखने के लिए छत पर गए थे। छत पर लगे जाल में अभिषेक का शव साड़ी से बने फंदे पर लटक रहा था। बेटे का शव देखकर बलराम सिंह की चीख निकल गई।
इस पर परिवार के लोग भी ऊपर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मौके पर मिली एक किताब में सुसाइड नोट मिला है। उसमें चार मोबाइल नंबर लिखे थे। मोबाइल खंगालने पर पता चला कि अभिषेक के मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी। उसमें उसने करीब 21 मिनट बात की। सुसाइड नोट और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने न ही किसी पर आरोप लगाया है और न ही किसी तरह की तहरीर ही दी है।