Raju Srivastav Death: हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी बोले- कानपुर के लिए आज काला दिन, नहीं कर सकता कोई इसकी भरपाई
अन्नू अवस्थी ने कहा कि ईश्वर के प्रति आस्था रखने वाला इंसान आज हम सभी के बीच से चला गया और हम सब कुछ नहीं कर पाए।
विस्तार
हर दिल अजीज कॉमेडी किंग, हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के निधन पर हर कोई स्तब्ध है। हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव के मित्र अन्नू अवस्थी ने कहा कि यह (21 सितंबर) कानपुर के लिए काला दिवस है। राजू कानपुर की शान थे। कानपुर का ऐसा कोई घर नहीं होगा, जो राजू श्रीवास्तव को प्यार न करता हो।
उनके चुटकुले सुनकर लोगों का शुगर स्तर नार्मल हो जाता है। ऐसा इंसान हमारे बीच में अब नहीं है। हजारों साल तक दुनिया में अब कोई राजू श्रीवास्तव पैदा नहीं होगा, इसलिए कनपुरियों अपनी हंसने की व्यवस्था खुद कर लो। उन्होंने बताया कि कानपुर के लोगों ने शहर का ऐसा कोई मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारा नहीं छोड़ा, जहां राजू भइया के लिए दुआ न की गई हो। बहुत कम लोग जानते हैं कि हजारों हास्य कलाकार ऐसे थे, जो इस लाइन को छोड़ चुके थे।
क्योंकि इस क्षेत्र में पैसा नहीं है। ऐसे कई लोगों को खुद राजू भइया ने मुंबई आने के लिए कहा और उनके रहने, खाने, फुटकर खर्च का इंतजाम करते थे। ये उन्हीं की देन है कि आज कई हास्य कलाकार स्टैंडअप कॉमेडी करके अपना परिवार चला रहे हैं। ईश्वर के प्रति आस्था रखने वाला इंसान आज हम सभी के बीच से चला गया। लोग पर्ची में लिखते थे कि राजू श्रीवास्तव के चुटकुले सुनो तो शुगर नॉर्मल रहेगी। कानपुर का जो नुकसान हुआ है, उसकी कोई भरपाई नहीं कर पाएगा।