Unnao: शादी समारोह में फटी कॉफी मशीन, पांच लोग घायल, बुजुर्ग दंपती की हालत गंभीर
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में हुए हादसे में घायल बुजुर्ग दंपती की हालत बेहद गंभीर है, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, दो लोगों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी।
विस्तार
उन्नाव जिले के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह में बरातियों के भोजन के दौरान कॉफी बनाने वाली मशीन अचानक फट गई। चपेट में आकर बुजुर्ग दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। विस्फोट से बरातियों में भगदड़ मच गई। महिला सहित दो ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
दो का उनके परिजन निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। कॉफी बना रहे युवक को टेंट हाउस संचालक लेकर चला गया है। गांव घूरामऊ निवासी वीरेंद्र गौतम की बेटी खुशबू की बारात आई थी। रात करीब 9:30 बजे बारात पहुंचने के दौरान ही पंडाल में कॉफी बनाने के दौरान मशीन में अचानक विस्फोट होने से भगदड़ मच गई।
मशीन के टुकड़े और आसपास रखे बर्तन व क्राकरी दूर तक फैली। हादसे मे घूरामऊ निवासी खुमान गौतम (60), उनकी पत्नी रामरति (58), यहीं के ही फूलचंद्र (45), अभिषेक (15) और एक अन्य युवक घायल हो गया। रामरती का दाहिना पैर और खुमान का बाया हाथ फट गया है।
आनन-फानन सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। बुजुर्ग दंपती की हालत गंभीर देख लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। अभिषेक और फूलचंद्र को परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि कॉफी बना रहे युवक को हल्की चोटें होने की बात बताई जा रही है।
टेंट हाउस संचालक ने उसे किसी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया है। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि पांचवें घायल की जानकारी करने का प्रयास कर रहे हैं। बताया कि कॉफी मशीन का सेफ्टी वॉल्व चोक होने से इस तरह की घटनाएं होती हैं। घटना की जांच की जा रही है।