{"_id":"6af8739d8a2f2106fa034616","slug":"chunav-duty-me-gayab-kanpur-news-c-12-1-knp1052-1712574-2026-11-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kanpur News: चुनाव की बैठक से 13 अफसर गायब, डीएम ने मांगा जवाब","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kanpur News: चुनाव की बैठक से 13 अफसर गायब, डीएम ने मांगा जवाब
विज्ञापन
विज्ञापन
दो अफसरों ने भेजे प्रतिनिधि, तीन दिन में स्पष्टीकरण नहीं तो होगी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक में 13 अफसरों का न पहुंचना प्रशासन को भारी पड़ा। दो अधिकारियों ने खुद आने के बजाय अपने प्रतिनिधि भेज दिए। चुनाव जैसे संवेदनशील काम की बैठक में अफसरों की गैरहाजिरी पर डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कड़ी नाराजगी जताई है। सभी संबंधित अधिकारियों से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बैठक 12 नवंबर को सुबह 10:30 बजे नवीन सभागार, सरसैया घाट में बुलाई गई थी। डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधानसभा क्षेत्रों में तैनात सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अनिवार्य रूप से शामिल होना था। इसके बावजूद 13 अधिकारी बैठक से नदारद रहे। जिसमें बीडीओ चौबेपुर, बिधनू, कल्याणपुर, पतारा और घाटमपुर, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, नगर निगम के जोनल अधिकारी, जिला पंचायत के उप मुख्य अधिकारी, राज्यकर विभाग के सहायक आयुक्त, बीईओ ककवन, चौबेपुर और भीतरगांव तथा सहायक निदेशक मत्स्य शामिल हैं।
विज्ञापन
दो अफसर खुद नहीं आए, भेज दिया प्रतिनिधि
बिल्हौर और आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित बीडीओ स्तर के दो अधिकारियों ने भी बैठक में खुद शामिल होने के बजाय अपने प्रतिनिधि भेज दिए। डीएम ने इसे भी गंभीरता से लिया है। अधिकारियों को जारी नोटिस में स्पष्ट कहा है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में इस तरह की अनुपस्थिति और लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
विज्ञापन
