Diarrhea in Kanpur: रावतपुर में डायरिया से बच्चे की मौत, पिता भी गंभीर बीमार, लगातार बढ़ रहे उल्टी-दस्त के रोगी
कानपुर में वायरल संक्रमण तेज बुखार आने के साथ डायरिया भी तेजी से फैल रहा है। अब रावतपुर में डायरिया से एक बच्चे की मौत हो गई है। बता दें कि बारिश के बाद भूगर्भ जल संक्रमित हो गया है, जिससे उल्टी-दस्त के रोगी बढ़ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानपुर में रावतपुर क्षेत्र के सुरेंद्र नगर मोहल्ले में डायरिया से एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे का पिता भी क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। घर के दूसरे चार सदस्य भी डायरिया की चपेट में आए हैं। इसके अलावा मोहल्ले के कई अन्य लोग भी उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। लोगों का कहना है कि भूगर्भ जल बारिश के बाद संक्रमित हो गया है। साथ ही मोहल्ले में गंदगी पटी और नालियां बजबजा रही हैं।
इसकी वजह से डायरिया फैल रहा है। जिस रोगी की मौत हुई है, उसने दो दिन पहले अपना 12वां बर्थ डे मनाया था और अगली सुबह उसे और परिजनों को डायरिया हो गया। घटना की सूचना पाकर नगर आयुक्त, अपर नगर मजिस्ट्रेट और एसीएमओ मौके पर पहुंचे। मेडिकल कैंप लगाकर रोगियों को दवा वितरित की गई। इसके साथ ही दो हजार क्लोरीन की टेबलेट वितरित की गईं। स्वास्थ्यकर्मियों की 13 टीमों ने क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे किया।
इसमें डायरिया के चार रोगी और मिले हैं। पानी के चार सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। सुरेंद्र नगर के रहने वाले राम बदन सिंह के बेटे अगम सिंह (12) का 10 अक्तूबर को जन्म दिन रहा है। केक काटा गया और खुशियां मनाई गईं। रिश्तेदारों और परिचितों ने आकर उसे लंबी उम्र की दुआ दी। 11 अक्तूबर को राम बदन सिंह, अगम और परिवार के चार सदस्यों को उल्टी-दस्त की दिक्कत शुरू हो गई।
बाप-बेटे को क्षेत्र के स्वराज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। 12 को अगम की हालत अधिक बिगड़ गई। इसे हैलट रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्रीय पार्षद जितेंद्र गांधी ने बताया कि डायरिया अचानक फैला है। क्षेत्र के आठ व्यक्ति बीमार हैं। किसी घर पर और किसी का अस्पताल में इलाज हो रहा है।
एसीएमओ डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि रोगियों के मोहल्लों की खुली नालियों और जलभराव वाले स्थानों पर लार्वासाइडल का छिड़काव कराया गया। पीने के पानी के चार सैंपल लेकर रीजनल लैब स्वास्थ्य भवन लखनऊ भेजे गए हैं। मेडिकल कैंप में बुखार के 10, उल्टी-दस्त के 12 रोगी आए। डायरिया का एक रोगी अस्पताल में भर्ती है। इसके साथ ही 10 लोगों की मलेरिया की जांच की गई।