सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ बुंदेलखंड के झांसी जिले में पहुंच चुके हैं। यहां पहुंचते ही सीएम ने सिविल हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान एयर कंडीशन रूम में मौजूद कई अधिकारी मुख्यमंत्री के तेवर देख रुमाल से अपने माथे का पसीना पोछते नजर आये।
मुख्यमंत्री के आने की खबर से पूरे बुंदेलखंड में खलबली मची हुई है। सीएम के कड़े तेवर देख अधिकारियों के साथ कर्मचारियों के भी पसीने छूट गए। खासतौर पर झांसी मंडल के सरकारी विभागों में अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाएं चौकस करने में सुबह 6 बजे से ही जुट गए थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिविल अस्पताल के बाद अनाज मंडी पहुंचे। हॉस्पिटल और गेंहू क्रय केंद्र में कुछ जगहों पर अव्यवस्थाएं देख उन्होंने संबंधित अधिकारी को सख्त निर्देश दिए।
झांसी जिले के एक प्राइमरी स्कूल पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने मिड-डे मील की जानकारी ली और क्लास में पीने के पानी का जायजा लिया। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से भी सीएम ने बातचीत की।
उधर, सीएम योगी से मिलने के लिए बुंदेलखंड के किसानों का समूह सर्किट हाउस में इंतजार कर रहा है। सूखे से परेशान बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, झांसी, कालपी के किसान मुआवजे की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं। लेकिन अभी तक उन्हें मिलने इजाजत नहीं दी गई है। किसानों की मांग है कि उन्हें बिजली बिल में छूट दी जाए और कर्ज माफी योजना को सही ढंग से लाभार्थियों तक पहुंचाया जाये।