Bullion Trader Murder: पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
Mahoba News: पुलिस ने मुठभेड़ में सराफा व्यापारी हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
महोबा जिले के थाना पनवाड़ी में 15 दिन पहले सराफा व्यापारी अजयकांत सोनी को गोली मारकर लाखों की नकदी व आभूषण लूट की वारदात हुई थी। मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। कस्बा पनवाड़ी के अलीपुरा निवासी सराफा व्यापारी अजयकांत सोनी 25 जनवरी को चौबे मार्केट स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। तभी घर से चंद कदम पहले बाइक सवार बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार दी थी और नकदी व आभूषण से भरे बैग लूट ले गए थे।
बैग में ढाई लाख की नकदी व पौने दो करोड़ के जेवरात थे। 28 जनवरी को व्यापारी की झांसी में इलाज दौरान मौत हो गई थी। घटना से जिले भर के व्यापारी आंदोलित थे और खुलासे की मांग कर रहे थे। शुक्रवार की भोर करीब चार बजे पनवाड़ी थाना पुलिस की पहाड़िया नाला के पास मुठभेड़ हुई।
लूट का माल बरामद होने की भी बात आई है सामने
इसमें व्यापारी हत्याकांड के दो आरोपी पकड़े गए। दोनों ओर से हुई फायरिंग में हत्याकांड के आरोपी आंनद प्रजापति निवासी रानीपुरा दतिया मध्यप्रदेश व सईद निवासी पहाड़िया महोबकंठ के पैरों में गोली लगी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लूट का माल बरामद होने की भी बात कही जा रही है।