बिकरू कांड: अपराधियों की संपत्ति पर चलेगा बुलडोजर, जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
बिकरू कांड के गैंगस्टर अपराधियों की संपत्ति पर प्रशासन की नजर है, जिन पर जल्द ही बुलडोजर चलेगा। इसके लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी आरोपियों की संपत्ति की जांच कर रहे हैं।
विस्तार
वर्ष 2020 में चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में कुख्यात विकास दुबे और उसके गैंग ने पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र मिश्रा सहित शिवराजपुर और चौबेपुर, बिठूर पुलिस पर घात लगाकर हमला कर दिया था। इसमें सीओ बिल्हौर सहित आठ पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के करीब 19 माह गुजर जाने के बाद अब बिल्हौर पुलिस क्षेत्राधिकारी ही विकास दुबे के साथियों और उनकी संपत्ति की जांच कर कानूनी कार्रवाई करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सरकार का बुलडोजर इन सभी गैंगस्टर ऊपर चलाने की तैयारी है।
संपत्तियों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है
पुलिस क्षेत्राधिकारी बिल्हौर राजेश कुमार ने बताया कि बिकरू कांड में करीब 35 लोगों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। सभी गैंगस्टर एक्ट के आरोपी जेल में बंद हैं। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के बाद सभी गैंगस्टर अपराधियों की संपत्ति, घर सहित चल चल संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर उनका आंकलन लोकनिर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के कई जीई भी गैंगस्टर अपराधियों की संपत्ति का आंकलन कर विवरण तैयार कर रहे हैं। जल्द पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी जाएगी। मालूम रहे कि घटना के फौरन बाद ही पुलिस ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कुख्यात विकास दुबे की कोठी को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया था। शेष उसके सभी साथियों के घर अभी जस के तस हैं, लेकिन खाली पड़े हैं, जिनको लेकर पुलिस अंदर ही अंदर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।