कानपुर: फसल बचाने गए पिता-पुत्र पर सांड का हमला, बेटे की मौत; पिता गंभीर
Kanpur News: खेत में मक्का की फसल को छुट्टा मवेशियों से बचाने गए पिता-पुत्र पर सांड ने हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण दोनों को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
विस्तार
माखी थाना क्षेत्र के पैगम्बरपुर गांव निवासी रज्जू (62) का आबादी के पास खेत है। उन्होंने खेत में मक्का की फसल बोई है। शनिवार सुबह छुट्टा मवेशी खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। मवेशियों को भगाने के लिए रज्जू अपने 30 वर्षीय बेटे जगदीश के साथ लाठी लेकर खेत पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, मवेशियों को भगाने के दौरान एक सांड ने रज्जू पर हमला कर दिया। पिता को बचाने के लिए जगदीश आगे आया तो सांड ने उसके पेट में सींग मार दिया। हमले में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
पिता-पुत्र पर सांड के हमले के बाद शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मवेशियों को वहां से खदेड़ा और दोनों घायलों को मियागंज सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जगदीश को मृत घोषित कर दिया।
वहीं रज्जू की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। माखी थाना अध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।