UP Crime: मुक्केबाज का कोच पर यौन उत्पीड़न का आरोप, नाबालिग बोली- गलत तरीके से छूते हैं, पढ़िए पूरा मामला
Kanpur News: कानपुर में नाबालिग मुक्केबाज ने कोच पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने कहा कि खेल सिखाने के बहाने कोच गलत तरीके से छूते हैं। साथ ही, भविष्य बर्बाद करने की धमकी देते हैं। मामले में कोच की छात्रा के साथ बातचीत की रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई है।
विस्तार
कानपुर में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों का मामला देश में छाया हुआ है। इस बीच शहर में भी एक नाबालिग महिला मुक्केबाज ने स्मार्ट सिटी के तहत बनाए गए एक खेल केंद्र में तैनात कोच पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
कोच और छात्रा के बीच फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई। मुक्केबाज ने पुलिस कमिश्नर, डीएम, खेल केंद्र प्रशासन और मुक्केबाज संघ से शिकायत की है। परमट क्षेत्र निवासी खिलाड़ी खेल केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करती है। उसका कहना है कि कोच बीते छह माह से उस पर दबाव बना रहे हैं।
खेल सिखाने के बहाने उसे गलत तरीके से छूते हैं। विरोध किया तो भविष्य बर्बाद करने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार हाल ही में एक राष्ट्रीय प्रतियोगिता हुई थी, जिसमें कोच उसे साथ ले गया था। आरोप है कि वहां भी कोच ने उसके साथ बदसलूकी की। उसने अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बात मानो वरना कल से खेल बंद
कोच और छात्रा के बीच हुई बातचीत की दो कॉल रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई हैं। इसमें कोच खिलाड़ी को धमकी दे रहा है कि 15 मिनट में जहां बुला रहा हूं, वहां पहुंच जाओ। नहीं पहुंचीं तो कल से खेल बंद हो जाएगा। इसके बाद कोच किसी दूसरे कोच को गालियां भी दे रहा है।
पीड़िता के भाई को भी धमकाया
दूसरी रिकॉर्डिंग में कोच पीड़िता के भाई को भी धमका रहा है। वहीं खेल केंद्र के डायरेक्टर ऑपरेशंस का कहना है कि मामला संज्ञान में है। उन्हें कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। कोच से संपर्क नहीं हो सका है। जांच की जा रही है। यदि कोच दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
एकेडमी में न घुसने देने का आरोप
खिलाड़ी शुक्रवार को लिखित शिकायत लेकर खेल केंद्र पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने गेट पर ही रोक लिया। इसके बाद एक कर्मचारी को गेट पर बुलाकर शिकायती पत्र ले लिया गया।
ऐसे मौखिक सूचना पर मैं खुद मौके पर गया था। किसी भी खिलाड़ी या कोच ने कुछ नहीं बताया। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। -अकमल खां, एसीपी कर्नलगंज