Farrukhabad: शौचालय के टैंक में मिला अधेड़ का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Farrukhabad News: मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में शौचालय के टैंक में अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में शौचालय के टैंक में अधेड़ का शव पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। अधेड़ घर से खाना लेकर आया था, लेकिन खाया नहीं। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम कॉलोनी रविदास नगर निवासी भीकम (55) की शादी नहीं हुई थी। वह कालोनी में पान मसाले का खोखा रखकर गुजर बसर करता था। मोहल्ला रविदास नगर में उसका भाई हकीम सिंह परिवार सहित रहता है। गुरुवार शाम भीकम भाई के घर से खाना लेकर वापस कॉलोनी आ गया।
शुक्रवार की सुबह मां रामपोती ने मोहल्ले के भतीजे दीपू से कहा कि भीकम छत पर सो रहा होगा। उसका उठा देना। दीपू छत पर गया लेकिन वह भीकम नहीं मिला। इधर-उधर खोजने पर भीकम पीछे बने शौचालय के पास टैंक पर टिके हुए मिले। उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर मां रामपोती व भाई हकीम सहित परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मां ने आरोप लगाया कि भीकम घर से खाना लेकर छत पर सोने जाता था। उसने खाना भी नहीं खाया। छत से टैंक के पास कैसे पहुंच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर मनोज भाटी ने बताया कि टैंक के पास शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।