Kanpur: दूसरी मंजिल पर पड़े मिले दो सगी बुजुर्ग बहनों के शव, एक बहन के सिर पर मिले चोट के निशान, जांच शुरू
Kanpur News: पांडुनगर में घर की दूसरी मंजिल पर दो सगी अविवाहित बहनों के शव पड़े मिले हैं। एक का लॉबी, तो दूसरी का किचन में शव पड़ा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर शहर के पॉश इलाके पांडुनगर में एक पब्लिकेशन हाउस संचालक के दो मंजिला घर की दूसरी मंजिल पर रहने वाली दो सगी अविवाहित बहनों के शव पड़े मिले। इन बहनों की उम्र 70 वर्ष से अधिक थी। इनमें से एक बहन के सिर पर चोट के निशान मिले हैं।
फोरेंसिंक टीम के अनुसार, दोनों की मौत सुबह चार बजे के आसपास हुई है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानपुर पब्लिकेशन होम नाम से पब्लिकेशन हाउस चलाने वाले आलोक सिंह का पांडुनगर इलाके में दो मंजिल का मकान है।
उनका पब्लिकेशन हाउस यूनिवर्सिटी नाम से गेस पेपर प्रकाशित करता है। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर उनके बड़े भाई पुष्कर सिंह चंदेल का परिवार रहता है। पुष्कर का तीन साल पहले निधन हो चुका है। वहीं, पहली मंजिल पर आलोक परिवार के साथ रहते हैं।
दोनों बहनों की शादी नहीं हुई थी
दूसरी मंजिल पर उनकी दो बुआ प्रेमा सिंह चंदेल (73) व सुमन सिंह चंदेल (71) रह रही थीं। दोनों बहनों की शादी नहीं हुई थी और दोनों ही अपना खाना पीना खुद बनाती थीं। मोहल्ले में रहने वाला एक सब्जी विक्रेता शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सब्जी देने पहुंचा।
फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया
खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुला. तो उसने आलोक को सूचना दी। आलोक परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ऊपर पहुंचे और दरवाजे को तोड़ा तो सुमन का शव लॉबी में पड़ा मिला। वहीं, प्रेमा का शव रसोई में मिला। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पॉश इलाके के हाईप्रोफाइल परिवार के घर में दो शव मिलने पर डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम भी पहुंचे और परिजनों व आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
घर की दूसरी मंजिल पर दो महिलाओं के शव मिले हैं। अब तक की जांच में किसी अपराध के होने जैसी कोई भी बात सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -आरएस गौतम, डीसीपी सेंट्रल