भाजपा नेता की गुंडागर्दी: तीन लोगों को बंधक बनाकर पीटा, प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप
अनुशासित पार्टी कही जाने वाली भाजपा के एक नेता की गुंडागर्दी का ताजा मामला सामने आया है। नेता जी पर प्लॉट बेचने के नाम लाखों की ठगी करने का आरोप है। पीड़ितों के द्वारा उनसे पैसे वापस मांगने पर बंधक बनाकर पीटा गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कानपुर के रहने वाले भाजपा नेता ने जिले के तीन लोगों से प्लॉट बेचने के नाम पर लाखों रुपये हड़प लिए हैं। लौटाने का दबाव बनाने पर बहाने से कानपुर ले जाकर बंधक बनाकर पीटा। किसी तरह वह लोग भाजपा नेता के चंगुल से छूटकर घर पहुंचे। सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बता दें कि सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बहेरा निवासी पप्पू सिंह ने बताया कि अवधेश कुमार मिश्रा निवासी 2 यूही ग्रीन सिटी स्वर्ण जयंती बिहार सनिगवां कानपुर भाजपा नेता है। वह प्लॉटिंग का काम करता है। कानपुर में प्लॉट खरीदने के लिए एडवांस में सात लाख 59 हजार रुपये अवधेश कुमार ने मांगे थे। उनके खाते में 22 मई 2018 को अपने एसबीआई बैंक खाते से रकम आरटीजीएस की थी।
अवधेश कुमार मिश्रा ने शिव प्रकाश निवासी अल्लीपुर बहेरा और इंद्रसेन सिंह निवासी पूरे अडार बैगांव थाना सुल्तानपुर घोष से प्लॉट देने के नाम पर सात लाख 59 हजार रुपये लिए। बाद में प्लॉट देने का झांसा देता रहा।
किसी प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं की। इन तीनों को 21 अप्रैल की शाम सात बजे अवधेश शहर के ज्वालागंज बस अड्डे पर मिला। वह लोग रुपये मांगने लगे। उन लोगों को अवधेश ने अपनी चार पहिया वाहन में बैठा लिया और कहा कि चलो रुपये देते हैं। उन लोगों को अपने साथ कानपुर ले गया। अवधेश मिश्रा ने अपने घर के एक कमरे में तीनों लोगों को बंद कर पीटा। प्लॉट और रुपये के बारे में भूल जाने की धमकी दी। किसी तरह हाथ-पैर जोड़कर उसके चंगुल से छूट सके।
सीओ सिटी डीसी मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर, अवधेश मिश्रा का कहना है कि एक पूर्व मंत्री के इशारे पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। लेनदेन उनके साथ दूसरे काम का है। उसका काफी रुपया भी दे चुके हैं। डीएम व एसपी को पत्र देकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेंगे।