यूपीः कन्नौज में सपा नेता और सभासद के बीच चले लाठी-डंडे, अभद्र टिप्पणी करने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कन्नौज जिले में शहर के मोहल्ला कस्साबान में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से मारपीट हुई। इस मामले में एक पक्ष से सभासद व उसके भाई घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से सपा नेता का भाई घायल हुआ है। सपा नेता के भाई की तहरीर पर सभासद व चार भाइयों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की तहरीर के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
मोहल्ला कस्साबान निवासी राशिद फारुकी समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव हैं। उनके भाई आरिफ फारुकी की मोहल्ले में ही ग्रिल बनाने की दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे आरिफ फारुकी दुकान पर थे। तभी मोहल्ले में रहने वाले सलोवा नगर अध्यक्ष व सभासद रानू कुरैशी नमाज पढ़ने के लिए घर से निकले। रानू कुरैशी के मुताबिक, आरिफ फारुकी और उनके साथियों ने उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। उन्होंने इसका विरोध किया।
दोनों पक्षों की ओर से गालीगलौज के साथ मारपीट
इस बात पर दोनों पक्षों की ओर से गालीगलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। इस बीच दोनों पक्षों से कई लोग आ गए। इनमें लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियार चलने लगे। घटना में आरिफ फारुकी घायल हो गए। दूसरी तरफ से सभासद रानू कुरैशी को भी चोटें आई हैं। इस मामले में कस्साबान निवासी नफीस फारुकी ने सभासद रानू कुरैशी, उनके भाई शाहरुख, आमिर, सलमान व शानू कुरैशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि वह अपने भाई की दुकान पर बैठे थे। तभी रानू अपने भाइयों के साथ दुकान में घुस आए। यह गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगे। हमलावरों ने उसके भाई आरिफ फारुकी पर चाकू से हमला कर दिया। इससे आंख व कान के पास घाव हो गया। इन लोगों ने उसके भाई को जान से मारने की नीयत से हमला किया है। बाद में जानमाल की धमकी देते हुए भाग गए। तहरीर के आधार पर सभासद व उनके भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर घायल को डॉक्टरी परीक्षण के लिए सौ शैय्या अस्पताल भेज दिया गया।
सभासद जामा मस्जिद इबादत के लिए जा रहे थे
सभासद ने बताया कि राशिद फारुकी ने नगरपालिका की सड़क पर अवैध कब्जा व अतिक्रमण कर लिया है। इसकी ईओ से शिकायत की गई थी। इसी रंजिश को लेकर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने राशिद और आरिफ फारुकी के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी बलराम मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। एक पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।