Bar Association Election: एल्डर्स कमेटी ने किया चुनाव की तारीखों का एलान, 25-26 को नामांकन...आठ अगस्त को मतदान
Kanpur News: एल्डर्स कमेटी को अब तक न तो पुलिस प्रशासन और न ही कॉलेज प्रशासन से चुनाव के लिए तारीख की अनुमति मिली है। इसके बावजूद आनन-फानन में चुनाव तिथियों की घोषणा पर कचहरी में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
विस्तार
कानपुर में बार एसोसिएशन चुनाव के लिए एल्डर्स कमेटी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके तहत 25 व 26 जुलाई को नामांकन होगा। मतदान की तारीख आठ अगस्त तय की गई है। हालांकि अभी कुछ असमंजस भी है, क्योंकि अब तक पुलिस-प्रशासन ने तिथि को लेकर स्वीकृति नहीं दी है।
एल्डर्स कमेटी के कार्यवाहक चेयरमैन वेद प्रकाश आर्य की अध्यक्षता में रामनाथ सेठ हॉल में कमेटी की बैठक हुई। इसमें कहा गया कि प्रस्तावित मतदाता सूची, उस पर आपत्तियों के बाद वैध मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। इसलिए चुनाव तिथियों की घोषणा की जा सकती है।
सर्वसम्मति से 25 और 26 जुलाई को सुबह 11:30 बजे से दोपहर तीन बजे तक रामनाथ सेठ हॉल में नामांकन कराने की बात तय हुई। 27 जुलाई को सुबह 11:30 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और उसी दिन चार बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
कमेटी ने तारीख में परिवर्तन की बात भी कही
इसके बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी और आठ अगस्त को सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 24 जुलाई को सुबह 11 बजे से बार एसोसिएशन कार्यालय से नामांकन पत्र लिए जा सकेंगे। एल्डर्स कमेटी ने पुलिस बल व मतदान स्थल की उपलब्धता के आधार पर तारीख में परिवर्तन की बात भी कही है।
आनन-फानन में कर दी चुनाव तिथि की घोषणा
एल्डर्स कमेटी को अब तक न तो पुलिस प्रशासन और न ही कॉलेज प्रशासन से चुनाव के लिए तारीख की अनुमति मिली है। इसके बावजूद आनन-फानन में चुनाव तिथियों की घोषणा पर कचहरी में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। एल्डर्स कमेटी को कार्यभार संभालने के बाद नियमानुसार दो माह में चुनाव कराने होते हैं।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा
लेकिन कमेटी अब तक चुनाव नहीं करा सकी। सोशल मीडिया पर कुछ प्रत्याशियों द्वारा एल्डर्स कमेटी का दो माह का कार्यकाल खत्म होने पर नई एल्डर्स कमेटी के गठन के बाद चुनाव होने की चर्चा शुरू हुई, तो आनन-फानन में एल्डर्स कमेटी ने चुनाव तिथियां घोषित कर दीं।
नामांकन शुल्क बढ़ाया
पिछली बार चुनाव में निर्धारित तारीख पर चुनाव नहीं हो सका था। चुनाव प्रक्रिया में खर्च ज्यादा हो गया था। इसके चलते प्रत्याशियों से दोबारा धनराशि जमा कराई गई थी। इस बार ऐसा न हो इसलिए एल्डर्स कमेटी ने पहले ही नामांकन शुल्क की राशि बढ़ा दी है।
पद अनुभव नामांकन शुल्क
अध्यक्ष 25 वर्ष 25 हजार रुपये
वरिष्ठ उपाध्यक्ष 20 वर्ष 20 हजार रुपये
उपाध्यक्ष 10 वर्ष 15 हजार रुपये
महामंत्री 15 वर्ष 25 हजार रुपये
मंत्री 10 वर्ष 15 हजार रुपये
कोषाध्यक्ष 15 वर्ष 15 हजार रुपये
संयुक्त मंत्री 5 वर्ष 12 हजार रुपये
वरिष्ठ कार्यकारिणी 15 वर्ष 8 हजार रुपये
कनिष्ठ कार्यकारिणी 3 वर्ष 6 हजार रुपये