Banda: मेडिकल कॉलेज से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ बदमाश, चार हेड कांस्टेबल पर रिपोर्ट
पुलिस और एसओजी ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया। 17 नवंबर को जेल से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
विस्तार
चोरी, गैंगस्टर समेत कई आपराधिक मामलों में जिला कारागार में निरुद्ध बंदी रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज से पुलिस अभिरक्षा में फरार हो गया। घटना में सुरक्षा में लगे चार सिपाहियों के खिलाफ प्रतिसार निरीक्षक ने कोतवाली में देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और एसओजी ने दूसरे दिन मुठभेड़ के बाद शातिर को गिरफ्तार किया है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है, जबकि बाएं पैर में फ्रेक्चर था। शातिर के पैर में फ्रेक्चर होने के चलते रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग में भर्ती कराया गया था। उस पर चोरी, गैंगस्टर, गांजा तस्करी, धोखाधड़ी व मारपीट के 20 मुकदमे उन्नाव, रायबरेली, बांदा में दर्ज हैं। फरार होने पर उस पर 25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि उन्नाव जनपद के बिहार थाना क्षेत्र के मुनऊ खेड़ा गांव निवासी अतुल सिंह को 17 नवंबर को जिला कारागार से इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया था। उसके बाएं पैर में फ्रेक्चर होने की वजह से उसे मेडिकल कॉलेज के अस्थिरोग विभाग के विंग प्रथम पर भर्ती कराया था। उसकी सुरक्षा में पुलिस लाइन से हेड कांस्टेबल सौरभ यादव, अजय सिंह, मुकेश कुमार व शत्रुघ्न सिंह की ड्यूटी थी।
सात दिसंबर को हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार व शत्रुघ्न ने कोतवाली में तहरीर दी कि वह दोनों खाना खाने के लिए कमरे में गए थे। बंदी की सुरक्षा में हेड कांस्टेबल सौरभ यादव व अजय सिंह मौजूद थे। जब वह रात के समय वहां पहुंचे तो शातिर अतुल सिंह फरार मिला। जब दोनों पुलिस कर्मियों का पता किया तो उन्होंने बताया कि वह शातिर की तलाश कर रहे हैं। इस पर प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव ने कोतवाली में चारों हेड कांस्टेबल और शातिर अतुल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस शातिर अतुल की तलाश कर रही थी। एसओजी और कोतवाली नगर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस के आधार पर सोमवार को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज से करीब एक किमी पहले केसीएनआईटी कॉलेज के पीछे भवानी पुरवा परागी तालाब के पास अतुल को घेर लिया। पुलिस से घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगने से वह गिर गया।
दबोचने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शातिर अतुल के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो कारतूस व 600 रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्तारी टीम में शहर कोतवाल बलराम सिंह मय टीम व एसओजी प्रभारी आनंद कुमार टीम के साथ मौजूद रहे।