बांदा: सेप्टिक टैंक में गिरकर छह वर्षीय बालक की मौत, खेलते समय हुआ हादसा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Banda News: चिल्ला रोड स्थित पॉलिटेक्निक परिसर में हमउम्र बच्चों के साथ खेलते समय खुले सेप्टिक टैंक में गिरकर छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालक का शव बरामद किया और मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
बांदा जिले में शहर के चिल्ला रोड स्थित पॉलिटेक्निक परिसर में बने सेप्टिक टैंक में गिरकर छह वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। वह परिसर में हमउम्र बच्चों के साथ खेल रहा था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तलाश की, तो उसका सेप्टिक टैंक में मिला।
महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के धरौन गांव निवासी रोहित पत्नी रीतू और दो बच्चों के साथ पॉलिटेक्निक में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी करने आया था। बृहस्पतिवार दोपहर उसका बड़ा बेटा यश (6) दो अन्य बच्चों के साथ परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले सेप्टिक टैंक में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चों को भी इसकी जानकारी नहीं हुई।
शव का कराया जा रहा है पोस्टमार्टम
देर शाम तक यश झोपड़ी में नहीं पहुंचा, तो माता-पिता ने कृषि विश्वविद्यालय चौकी में सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर पॉलिटेक्निक परिसर में तलाश शुरू की। इस दौरान सेप्टिक टैंक में उसका शव मिला। रोहित ने बताया कि वह मजदूरी करने परिवार के साथ बांदा आया था। यश दो भाइयों में बड़ा था। शहर कोतवाल प्रताप सिंह ने बताया कि सेप्टिक टैंक में गिरने से बालक की डूबकर मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
