बांदा: ‘बारिश के कहर ने छीनी छत’, तीन महिलाओं के मकान और दीवारें ढहीं, पीड़ितों ने लगाई मुआवजे की गुहार
Banda News: बदौसा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते तीन गरीब महिलाओं के रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एक महिला का मकान पूरी तरह गिर गया, जबकि दो अन्य के मकानों की दीवारें ढह गईं। इससे पीड़ित परिवारों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है।
विस्तार
बांदा जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम पंचायत बरछा ब के शांति नगर में तीन गरीब महिलाओं के रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एक महिला का मकान भरभराकर गिर गया, जबकि दो अन्य के मकानों की दीवारें ढह गईं। इससे पीड़ित परिवारों के सामने रहने और गृहस्थी चलाने का संकट खड़ा हो गया है।
शांति नगर निवासी प्रेमा पत्नी स्वर्गीय श्रीपाल ने बताया कि वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा और जर्जर मकान अचानक गिर गया। इससे घर में रखा गृहस्थी का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। मकान गिरने के बाद उनके सामने बारिश से बचने और सुरक्षित रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।
मुआवजा दिलाने की मांग की
इसी तरह शिवलाली पत्नी संजय और राजवंती पत्नी मनीराम के मकानों की दीवारें भी बारिश के कारण गिर गईं। तीनों पीड़ित महिलाओं ने उपजिलाधिकारी अतर्रा को प्रार्थना पत्र देकर क्षतिग्रस्त मकानों का राजस्व अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण कराने और अतिवृष्टि से हुई क्षति के नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।
मौके पर निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजी
पीड़ितों ने प्रशासन से शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि लगातार बारिश के बीच यदि समय रहते सहायता नहीं मिली तो उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। राजस्व निरीक्षक प्रिंस शुक्ला ने बताया कि पीड़ितों के मकान और दीवारें गिरने की सूचना पर मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया है। क्षति की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।