औरैया: आधी रात यमुना नदी में कूदने भागा युवक, पुलिस ने दौड़ाकर पुल से पहले दबोचा, टला बड़ा हादसा
Auraiya News: कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक कलह से आहत 21 वर्षीय युवक यमुना नदी में कूदकर जान देने भागा। देवकली तिराहे पर मुस्तैद पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए पुल से पहले ही उसे सुरक्षित दबोच लिया और एक बड़ा हादसा टल गया।
विस्तार
औरैया जिले में कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत देवकली तिराहे पर बीती रात पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पारिवारिक कलह से आहत एक युवक आत्महत्या करने की नीयत से यमुना नदी की तरफ भाग रहा था, जिसे मुस्तैद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पुल से पहले ही दबोच लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर देवकली तिराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक अपनी बाइक तिराहे पर ही लावारिस हालत में छोड़कर अचानक जोर-जोर से आत्महत्या करने की बात चिल्लाते हुए यमुना नदी की तरफ भागने लगा। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
युवक को सुरक्षित पकड़ लिया
मामले की गंभीरता को भांपते हुए देवकली चौकी प्रभारी संजीव चौधरी और उनकी टीम ने युवक का पीछा किया। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर यमुना नदी के पुल पर पहुंचने से पहले ही युवक को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे शांत कराया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान आकाश (21 वर्ष) पुत्र ध्यान सिंह, निवासी साला मंदिर, थाना कोतवाली औरैया के रूप में बताई है।
पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात बताई
जब पुलिस ने उससे आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाने की वजह पूछी, तो उसने पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद होने की बात कही। युवक को सुरक्षित हिरासत में लेकर उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने राहत की सांस ली है और परिजनों के आने के बाद काउंसलिंग कराकर युवक को उनके सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।