Auraiya: मुठभेड़ में दो हत्यारोपी गिरफ्तार, पुलिस पर झोंका था फायर, एक के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
Auraiya News: अछल्दा थाना क्षेत्र में पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस पर फायर करने के कारण जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
औरैया जिले में वाहन चेकिंग के दौरान गांव तुर्कपुर के पास बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर सीधा फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी युवक की हत्या में शामिल थे। अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव हर नारायणपुर निवासी विपिन यादव व दोस्त प्रशांत उर्फ शिवा भदौरिया पर बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया था।
इसमें हिस्ट्रीशीटर विपिन घायल हो गया था, जबकि प्रशांत भागने में कामयाब रहा था। उसे बदमाश घर के बाहर से उठा ले गए। इसके बाद में गोली मारकर हत्या कर शव धान के खेत में फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने गांव गोतला निवासी मुख्य आरोपी सुखानी, रजनीश, रॉकी, राहुल जयकेश, सुखदेव, गौतम, बलवीर, कुलदीप सहित अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
बाइक को रोकने का पुलिस ने इशारा किया
28 सितंबर को पुलिस मुठभेड़ में हत्या का मुख्य आरोपी सुखानी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं, अन्य की तलाश में मंगलवार तड़के तीन बजे थाना पुलिस गांव तुर्कपुर के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी गांव की तरफ से आ रही बाइक को रोकने का पुलिस ने इशारा किया। पुलिस को देख आरोपी बाइक मोड़कर बुंदेलखंड की तरफ भागने के फिराक में फिसलकर गिर गए।
एक-एक तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद
पुलिस को पास आता देख दोनों आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। हट जाने से पुलिस बच गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे सीएचसी ले जाया गया। पूछताछ में दोनों ने गांव गोतला निवासी सुखदेव व गौतम बताया। दोनों के खिलाफ अछल्दा थाने में गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने एक-एक तमंचा, कारतूस व खोखा बरामद किया है। दोनों 24 सितंबर को हुई हत्या व हत्या के प्रयास वारदात में शामिल थे।