Hamirpur: अराजकतत्वों ने आंबेडकर मृर्ति का हाथ तोड़ा, आक्रोशित ग्रामीणों का हंगामा, प्रशासन ने ठीक कराया हाथ
Hamirpur News: राठ थाना क्षेत्र में देर रात अराजकतत्वों ने आंबेडकर मृर्ति का हाथ तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया और मूर्ति का हाथ ठीक कराया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में राठ थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति का हाथ अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर तहसीलदार व कोतवाल पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे।
यहां कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दोबारा निर्माण कराया गया है। टिकरिया गांव में दो माह पहले गांव के बाहर सड़क किनारे ग्राम समाज की जमीन पर बाबा साहेब आंबेडकर की मूर्ति को स्थापित किया गया था। मंगलवार देर शाम मूर्ति का हाथ क्षतिग्रस्त होने की जानकारी पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
ग्रामीणों में आक्रोश पनपने लगा। आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद चौधरी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी। सूचना पर तहसीलदार कुमार भूपेंद्र व कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को समझाते हुए रात में ही प्रतिमा को सही करा दिया है।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार गांव का ही हरिनारायण अहिरवार बाबा साहेब को माल्यार्पण करने गया था। अत्यधिक शराब के नशे में अपना संतुलन नही संभाल पाया, जिससे माला पहनाते समय दाहिने हाथ की उंगली क्षतिग्रस्त हो गई थी। बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।