यूपी के उरई (जालौन) जिले में अंबेडकर प्रतिमा खंडित किए जाने से तनाव का माहौल है। उरई कोतवाली क्षेत्र के जालौन रोड पर कुकरगवां में लगी अंबेडकर प्रतिमा की उंगली बुधवार सुबह टूटी पाई गई। यह देख क्षेत्रीय लोगों का जमावड़ा लग गया। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा की उंगली का प्लास्टर टूटा हुआ मिला और उस स्थान पर सिर्फ सरिया ही दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को दी गई।
कुछ ही देर में कोतवाल और थाने की फोर्स की साथ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। पुलिस का कहना है कि अराजक तत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा को खंडित किया है।
माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले 28 सितंबर 2018 को भी उरई जिले में अंबेडकर प्रतिमा खंडित होने पर लोगों ने हंगामा काटा था।
पुलिस का कहना है कि प्रतिमा की उंगली का प्लास्टर टूटा था, जिसे ठीक करा दिया गया है। फिलहाल किसी तरह के विवाद और तनाव की स्थिति नहीं है।