कानपुर में गजब मामला: साले को गोद दिया था बेटा, अब मांग रहा है प्रापर्टी में हक, विरोध पर जान से मरने की धमकी
Kanpur Crime: थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है। इसमें गोद दिए बेटे ने जैविक पिता और भाई को संपत्ति में हिस्सा न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। उसने कहा है कि अगर आधी जमीन नहीं दी, तो वह दोनों की हत्या कर देगा। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित पिता पुत्र ने कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कराई है।
बिधनू निवासी ओमप्रकाश के दो बेटे नरेंद्र, सतीश और एक बेटी हैं। उनके साले गजराज के कोई संतान नहीं थी। साले गजराज के विनती करने पर ओमप्रकाश और उनकी पत्नी ने वर्ष 1999 में संयुक्त सहमति से बेटे नरेंद्र को उनको गोद दे दिया था। इसका गोदनामा भी रजिस्टर्ड कराया गया था।
इससे नरेंद्र कुमार की वल्दियत ओमप्रकाश की जगह गजराज अंकित हो गई है। ओमप्रकाश की चल-अचल संपत्ति से नरेंद्र बेदखल हो गए है। इसके बावजूद नरेंद्र ओम प्रकाश पर आधी संपत्ति देने का दबाव बना रहा है। वह दो पहचान पत्र बनवाए है। एक पहचान पत्र में उसने अपनी वल्दियत में ओमप्रकाश को दर्शा रखा है।
अगर आधी संपत्ति नहीं दी, जान से मार दूंगा
वहीं,दूसरे पहचान पत्र में वल्दियत गजराज दर्ज कर रखी है। आरोप है कि 22 मार्च 2023 को नरेंद्र ने ओमप्रकाश के घर जाकर धमकी दी कि अगर आधी संपत्ति नहीं दी तो पिता-पुत्र की हत्या कर देगा। आरोप है कि ओमप्रकाश ने बिधनू थाने में इसकी शिकायत की, तो उनको यह कहकर भगा दिया कि पिता-पुत्र का मामला हैं।
पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने कहा कि खुद ही समझौता कर लो। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में गुहार लगाई। थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।