अमर उजाला स्वास्थ्य अभियान: कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण अनिवार्य, प्रबुद्धजनों की अपील- वैक्सीनेशन जरूर करवाएं
कोरोना टीकाकरण अभियान के शुरुआती चरणों की सफलता के साथ महामारी से मुकाबले के प्रति लोगों की एकजुटता रंग लाई है। लेकिन अभी भी कुछ लोग कतरा रहे हैं। उनसे अपील है कि वैक्सीन जरूर लगवाएं, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
विस्तार
कानपुर में कोरोना संक्रमित लगातार मिल रहे हैं। संक्रमण का स्तर कम होने से ज्यादातर लोग होम आइसोलेशन में ठीक हो जा रहे हैं, लेकिन खतरा बना हुआ है। जो लोग पहले से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर, ऑटो इम्यून बीमारियों से ग्रसित हैं, उन लोगों के लिए संक्रमण खतरनाक हो सकता है। 50 फीसदी पोस्ट कोविड रोगी अभी भी सांस की तकलीफ झेल रहे हैं।
ऐसे में सुरक्षा कवच कोरोना वैक्सीनेशन ही है। वैक्सीनेशन कराने वालों की तादाद अच्छी-खासी है, फिर भी बहुत से लोग हैं, जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई। कुछ लोगों ने दूसरी डोज नहीं लगवाई है। धर्मगुरु, अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने अपील की है कि अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए सभी लोग वैक्सीनेशन करवा लें। ऐसे में कोरोना हुआ भी तो गंभीर नहीं हो पाएगा।
जिन लोगों ने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली हैं और आयु 60 साल से अधिक है, वे बूस्टर डोज भी ले लें। दूसरी डोज जिन्होंने नहीं लगवाई है, वे अपने घर के नजदीकी सेंटर पर जाकर वैक्सीन लगवा लें। जिन आयु वर्ग के लाभार्थियों को वैक्सीन लगाई जा रही है, वे सभी वैक्सीनेशन कवरेज करा लें। - विशाख जी., डीएम कानपुर
विज्ञापन विज्ञापन
समाज के लोग स्वास्थ्य को लेकर जागरूक हों, तभी एक स्वस्थ राष्ट्र की परिकल्पना की जा सकती है। धर्म भी यही कहता है। सभी लोग कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन करा लें। विश्व कोरोना का प्रकोप देख चुका है। भविष्य में बचाव के लिए वैक्सीन ही उपाय है। - बाल योगी अरुणपुरी चैतन्य, धर्म गुरु
कोरोना खतरनाक बीमारी है। इससे बचाव के लिए जरूरी है कि वैक्सीन लगवा ली जाए। मजहब में भी सेहतमंद रहने की नसीहत की गई है। जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं लगवाई है, वे लगवा लें। स्वास्थ्य केंद्रों पर इसे मुफ्त लगाया जा रहा है। - मुफ्ती साकिब अदीब मिस्बाही, काजी-ए-शहर
महिलाएं खासतौर पर वैक्सीन लगवा लें। साथ ही परिजनों को प्रेरित करें कि वैक्सीन लगवाएं। महिलाओं के लिए संक्रमण का अधिक खतरा रहता है। वैक्सीन की दोनों डोज लेनी जरूरी है। एक डोज लगवाकर छोड़ देने से वैक्सीनेशन कवरेज अधूरा रहता है। -माधवी सेंगर, समाज सेविका, सह संयोजक युग दधीचि देहदान अभियान
जो लोग वैक्सीनेशन कवरेज से छूटे हैं, वे वैक्सीन जरूर लगवा लें। 12 साल या इससे अधिक आयु वर्ग से लेकर बुजुर्ग तक सभी वैक्सीन की सुरक्षा प्राप्त कर लें। वैक्सीन लग जाने के बाद अगर संक्रमण हुआ भी तो जुकाम, खांसी जैसा ही रहेगा। हालत गंभीर नहीं हो पाएगी। वैक्सीन लगवाना स्वस्थ रहने के लिए जरूरी है। -चंद्रभान सिंह परिहार, ग्राम प्रधान गुजैला, घाटमपुर
स्वस्थ रहना जरूरी है। कोरोना महामारी का प्रकोप सब देख चुके हैं। वैक्सीन लगवाना आवश्यक है। स्वस्थ रहकर ही समाज में कुछ बेहतर किया जा सकता है। सभी से अनुरोध है कि वैक्सीनेशन करवा लें, जिससे शरीर में प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाए। - राजेंदर पाल सिंह, समाजसेवी
कोरोना खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में रोग से बचाव के लिए सारे लोग वैक्सीन लगवा लें। जीवन की सुरक्षा के लिए वैक्सीन लगवाना बहुत जरूरी है। इससे शरीर में कोरोना से लड़ने की क्षमता विकसित होगी। संक्रमण खतरनाक नहीं हो पाएगा। मुफ्त वैक्सीन की सुविधा है, इसका लाभ उठाएं। -संजीबा, कलाकार